प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मौलाना आजाद, आचार्य कृपलानी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी
By भाषा | Updated: November 11, 2020 18:32 IST2020-11-11T18:32:53+5:302020-11-11T18:32:53+5:30

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मौलाना आजाद, आचार्य कृपलानी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी
नयी दिल्ली, 11 नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को स्वतंत्रता सेनानियों मौलाना अबुल कलाम आजाद और आचार्य जे बी कृपलानी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि दोनों नेताओं ने युवाओं और गरीब तबके के लोगों को सशक्त बनाने के प्रति खुद को समर्पित कर दिया था।
मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘मौलाना आजाद और आचार्य कृपलानी को राष्ट्र की प्रगति में अद्वितीय और अनुकरणीय योगदान के लिए याद किया जाता है। उन्होंने युवाओं और गरीब तबके के लोगों को सशक्त बनाने के प्रति अपने आप को समर्पित कर दिया था। मैं इन दोनों महान विभूतियों को उनकी जयंती पर नमन करता हूं।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके द्वारा स्थापित आदर्श हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।
आजाद और कृपलानी दोनों ही कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे। आजाद स्वतंत्र भारत के पहले शिक्षा मंत्री थे। समाजवादी व गांधीवादी नेता कृपलानी ने तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से मतभेदों के बाद कांग्रेस छोड़ दी थी।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।