लाइव न्यूज़ :

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने झारखंड के स्थापना दिवस पर शुभकामना दीं

By भाषा | Updated: November 15, 2020 16:08 IST

Open in App

रांची, 15 नवंबर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू समेत अनेक विभूतियों ने झारखंड के 21वें स्थापना दिवस पर आज राज्य के नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुये की प्रदेश के प्रगति की कामना की है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने प्रदेश के स्थापना दिवस पर कहा, ‘‘जोहार झारखंड! झारखंड के स्‍थापना दिवस के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं।’’

कोविंद ने ट्वीट किया, ‘‘झारखंड, प्रभूत प्राकृतिक संसाधनों और समृद्ध संस्‍कृति वाला राज्‍य है, जिस पर हम सभी को गर्व है। मेरी कामना है कि भगवान बिरसा मुंडा के आशीर्वाद से राज्य, आने वाले वर्षों में निरंतर विकास करता रहे।’’

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भी इस मौके पर राज्य के शहीद स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा को याद करते हुये कहा, ‘‘महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती पर उन्हें सादर नमन! ‘धरती आबा’ के नाम से लोकप्रिय बिरसा मुंडा ने आदिवासियों को ब्रिटिश शोषण और अन्याय के विरुद्ध लड़ने के लिये प्रेरित किया। आदिवासी हितों की रक्षा करने के लिए उनको सदैव स्मरण किया जायेगा।’’

नायडू ने कहा, ‘‘झारखंड स्थापना दिवस पर प्रदेश के सभी बहन-भाइयों को मेरी शुभकामनाएं! वन और खनिज संपदा से भरपूर झारखंड का देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रदेशवासियों के खुशहाल जीवन के लिये मेरी मंगलकामनाएं।’’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संदेश में राज्य के लोगों की समृद्धि की कामना करते हुए कहा, ‘‘झारखंड के स्थापना दिवस पर राज्य के सभी निवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। इस अवसर पर मैं यहां के सभी लोगों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘भगवान बिरसा मुंडा को उनकी जयंती पर शत-शत नमन। वे गरीबों के सच्चे मसीहा थे, जिन्होंने शोषित और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए जीवनपर्यंत संघर्ष किया।’’

उन्होने कहा, ‘‘स्वतंत्रता आंदोलन में उनका योगदान और सामाजिक सद्भावना के लिए किए गए उनके प्रयास देशवासियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।’’

झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने भी राज्य के लोगों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा, ‘‘धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें शत शत नमन। महापुरुषों के संघर्ष, वीरता और त्याग एवं बलिदान को देश की पीढ़ी दर पीढ़ी सदैव याद रखेगी।’’

मुर्मू ने कहा, ‘‘हमें भगवान बिरसा मुंडा के सपनों का झारखंड बनाना है।’’

उन्होंने कहा कि राज्य ने पिछले बीस वर्षों में विकास के मार्ग पर बड़ा रास्ता तय किया है और खनिज संपदा से समृद्ध इस राज्य को और आगे ले जाना है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मौके पर कहा, ‘‘झारखंड राज्य के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा है हालांकि अब बीस वर्ष का युवा झारखंड नयी उर्जा के साथ आगे बढ़ेगा।’’

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्यवासियों को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए आज कहा कि आज झारखंड राज्य अपनी स्थापना के 21वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है और बीस वर्ष का युवा झारखंड नयी उर्जा के साथ आगे बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि राज्यवासियों के लिए बहुत हर्ष की बात है कि विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के माध्यम से हम भगवान बिरसा मुंडा, अमर शहीद सिद्धो कान्हो, नीलाम्बर पीताम्बर और शेख भिखारी जैसे महापुरुषों को याद करते हैं, ताकि देश की पीढ़ी दर पीढ़ी इनकी वीरता , संघर्ष और त्याग एवं बलिदान को सदैव याद रखे।

झारखंड राज्य का गठन वर्ष 2000 में केन्द्र की तत्कालीन अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने उत्तराखंड एवं छत्तीसगढ़ के साथ किया था।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

ज़रा हटकेVIDEO: पूजा करने गया था श्रद्धालु, मंदिर में ही हो गई पिटाई – CCTV फुटेज वायरल

क्रिकेटKKR का खाता खुला, PBKS टॉप पर, मैच रद्द होने से बदला पूरा समीकरण

क्रिकेटKKR vs PBKS: ईडन गार्डन्स में आउटफील्ड गीली होने के कारण मैच रद्द, दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला

ज़रा हटकेVIDEO: हाईवे पर खतरनाक टावर गिरा, मौके पर प्रशासन मौजूद

भारतWest Bengal: विधानसभा चुनावों से पहले बंगाल की वोटर लिस्ट से करीब 90 लाख नाम हटाए गए

भारत अधिक खबरें

भारतAssam Opinion Poll 2026: बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए और भी बड़े बहुमत के साथ सत्ता में बना रहेगा, Matrize का अनुमान

भारतयूपी में सरकारी वकीलों की फीस 50% तक बढ़ाएगी सरकार, सरकारी खजाने पर बढ़ेगा 120 करोड़ रुपए का बोझ

भारत'मेरे पति 40 साल के हैं, मैं 19 की': मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने का अधिकार जीता

भारत'IIT बाबा' अभय सिंह ने कर्नाटक की इंजीनियर से शादी की, पत्नी के साथ हरियाणा में अपने पैतृक गांव पहुंचे

भारतSamrat Vikramaditya Mahanatya: 60 हजार से ज्यादा दर्शकों ने देखा 'सम्राट विक्रमादित्य', वाराणसी के रोम-रोम में बसा अनोखा मंचन, देखें Photos