किसानों के प्रदर्शनस्थल के नजदीक पोल्ट्री फार्म कर्मी से मारपीट, एक व्यक्ति गिरफ्तार

By भाषा | Updated: October 22, 2021 17:42 IST2021-10-22T17:42:30+5:302021-10-22T17:42:30+5:30

Poultry farm worker assaulted near farmers' protest site, one person arrested | किसानों के प्रदर्शनस्थल के नजदीक पोल्ट्री फार्म कर्मी से मारपीट, एक व्यक्ति गिरफ्तार

किसानों के प्रदर्शनस्थल के नजदीक पोल्ट्री फार्म कर्मी से मारपीट, एक व्यक्ति गिरफ्तार

चंडीगढ़, 22 अक्टूबर दिल्ली के सिंघू बॉर्डर पर किसानों के प्रदर्शनस्थल के नजदीक मुर्गा देने से मना करने पर पोल्ट्री फार्म के कर्मी से मारपीट का मामला सामने आया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने शुक्रवार को जानकारी दी।

हाल ही में इस प्रदर्शन स्थल के नजदीक एक व्यक्ति की नृशंस हत्या की गई थी।

पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को घटना के कुछ घंटों बाद ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और उसकी पहचान हरियाणा के करनाल निवासी नवीन के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार नवीन खुद को निहंग सिख बताता है।

उल्लेखनीय है कि हाल में पंजाब के तरन-तारन के रहने वाले दलित मजदूर की सिंघू बॉर्डर के नजदीक नृशंस हत्या कर दी गई थी और उसके शव को धातु के अवरोधक से लटका दिया गया था और धारदार हथियार से उसका हाथ काट दिया गया था। 'लिंचिंग' की इस घटना के आरोप में हरियाणा पुलिस ने चार निहंगों को गिरफ्तार किया है।

नवीनतम घटना के बारे में पुलिस ने बताया कि मनोज पासवान डिलिवरी के लिए कुछ मुर्गे को ठेले पर लाद रहा था। उसी दौरान आरोपी ने उससे (पासवान से) मुर्गा देने को कहा और मना करने पर कथित तौर पर छड़ जैसी वस्तु से हमला कर दिया।

सोनीपत जिले के कुंडली थाने के प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि इस घटना में पासवान का पैर टूट गया है। उन्होंने बताया, ‘‘हमने नवीन को गिरफ्तार किया है, वह खुद को निहंग बता रहा है।’’

घटना में घायल पासवान का कुछ लोगों ने वीडियो बनाया जिसमें वह पूरी घटना को बता रहा है। एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमें पासवान को लोगों से यह कहते सुना जा सकता है कि वह पोल्ट्री फार्म से मुर्गों की ढुलाई कर रहा था तभी आरोपी ने एक मुर्गे की मांग की।

पासवान ने बताया कि उसने आरोपी को बताया कि सभी मुर्गों की गिनती की गई है, इसलिए वह एक मुर्गा भी नहीं दे सकता, जिससे नाराज होकर उसने हमला कर दिया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Poultry farm worker assaulted near farmers' protest site, one person arrested

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे