शेखावत और जोशी के समर्थकों के बीच 'पोस्टर युद्ध' शुरू

By भाषा | Updated: June 28, 2021 21:58 IST2021-06-28T21:58:06+5:302021-06-28T21:58:06+5:30

'Poster war' begins between supporters of Shekhawat and Joshi | शेखावत और जोशी के समर्थकों के बीच 'पोस्टर युद्ध' शुरू

शेखावत और जोशी के समर्थकों के बीच 'पोस्टर युद्ध' शुरू

जयपुर, 28 जून दिल्ली पुलिस द्वारा फोन टैपिंग मामले में राजस्थान सरकार के मुख्य सचेतक महेश जोशी को नोटिस जारी किए जाने को लेकर केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और जोशी के समर्थकों के बीच वाकयुद्ध के बाद अब जयपुर में 'पोस्टर युद्ध' शुरू हो गया है।

विधायक जोशी के समर्थकों ने रविवार को उनके समर्थन में शहर के प्रमुख स्थानों पर बड़े होर्डिंग्स लगाये। जोशी की तस्वीर के साथ लगे होर्डिंग पर ‘हर अन्याय का देंगे जवाब’ और ‘‘ यह अन्याय नहीं सहेगा जयपुर’’ के नारे लिखे गये हैं और उन्हें कई स्थानों पर लगाया गया है।

वहीं, सोमवार को शेखावत के सर्मथकों ने जयपुर में प्रदर्शन किया। इनमें एक पोस्टर के जरिये शेखावत को एक हाथी के रूप में दिखाया और कुछ कुत्ते हाथी की ओर भौंकते हुए दिखाए गए हैं।

जयपुर में रेलवे क्रासिंग के पास प्रदर्शन करने वालों का नेतृत्व कर रहे प्रेम सिंह ने बताया कि ‘‘हम सरकार के मुख्य सचेतक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। मुख्य सचेतक दिल्ली पुलिस के समक्ष पेश होने की बजाय केन्द्रीय मंत्री के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी कर उनका अपमान कर रहे हैं।’’

प्रदर्शन के दौरान इन लोगों ने अपने हाथ में पोस्टर ले रखे थे।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मामले में जोशी को 24 जून को पेश होने के लिये बुलाया था लेकिन जोशी ने उसके समक्ष पेश होने से इंकार कर दिया और नोटिस का जवाब भेज दिया।

वहीं, जोशी ने इस मामले में केंद्रीय मंत्री शेखावत पर 'भगौड़े' जैसा बर्ताव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शेखावत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा मांगे गये आवाज के नमूने क्यों नहीं दे रहे हैं?

हाल ही में दोनों नेताओं के बीच ट्विटर पर वाकयुद्ध चला, जिसके बाद जोशी दिल्ली गये और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव अजय माकन से मिले थे।

फोन टैपिंग मामले में केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने जोशी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने जोशी को नोटिस भेजकर उन्हें 24 जून को पेश होने के लिये कहा था।

दिल्ली पुलिस ने जोधपुर से भाजपा के सांसद और केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की शिकायत पर इस वर्ष मार्च में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के विशेषाधिकारी लोकेश शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

शर्मा पर राज्य सरकार को गिराये जाने संबंधी बातचीत का कथित आडियो टेप वायरल करने का आरोप लगा था। ऑडियो क्लिप के आधार पर जोशी ने राजस्थान पुलिस की एसओजी और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में गत वर्ष जुलाई में गजेन्द्र सिंह के नाम से मामला दर्ज करवाया था हालांकि गजेन्द्र सिंह के नाम के साथ केन्द्रीय मंत्री का उल्लेख नहीं किया गया था।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: 'Poster war' begins between supporters of Shekhawat and Joshi

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे