कश्मीर के पुंछ में भीषण गोलाबारी, पाक सेना ने छोटे हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार से गोला दागे
By भाषा | Updated: April 21, 2020 21:11 IST2020-04-21T21:11:32+5:302020-04-21T21:11:32+5:30
पाकिस्तान लगातार संघर्षविराम का उल्लंघन कर रहा है। जम्मू-कश्मीर के गांवों में गोला बारी कर रहा है। भारतीय जवान ने मुंहतोड़ जवाब दिया। हाल ही में आर्मी प्रमुख ने दौरा किया था।

भारतीय सेना ने भी उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया और आखिरी समाचार मिलने तक दोनों तरफ से गोलाबारी जारी था। (file photo)
जम्मूः पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के दो सेक्टरों में अग्रिम चौकियों और नियंत्रण रेखा से लगे हुए गांवों में मंगलवार को भीषण गोलाबारी की। रक्षा प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया,“ शाम 17:20 बजे पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा से लगे किरनी और कस्बा सेक्टर में बिना उकसावे के संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए छोटे हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार से गोला दागना शुरू कर दिया।” इसके पहले आज सुबह 11:20 बजे पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा से लगे किरनी सेक्टर में बिना उकसावे के संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए छोटे हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार से गोले दागे थे।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने भी उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया और आखिरी समाचार मिलने तक दोनों तरफ से गोलाबारी जारी था। प्रवक्ता के अनुसार हालांकि, पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं मिली है। पाकिस्तान फिछले 15 दिनों से लगातार जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पास गोलीबारी और गोलाबारी कर रहा है।
पिछले सप्ताह नियंत्रण रेखा के पास राजौरी, पुंछ और कुपवाड़ा में पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी में तीन नागरिकों की मौत के बाद यहां के निवासियों में डर पैदा हो गया है। रक्षा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक ने मार्च में बताया था कि इस वर्ष एक जनवरी से 23 फरवरी के बीच पाकिस्तान की ओर से अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा के पास संघर्षविराम उल्लंघन की कुल 646 घटनाएं हुई हैं। वर्ष 2019 में पाकिस्तानी सेना द्वारा 32,00 से अधिक बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया।