मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिए जाने पर गरमायी सियासत, तेजस्वी यादव ने बताया भाजपा का साजिश

By एस पी सिन्हा | Updated: March 30, 2026 15:59 IST2026-03-30T15:58:50+5:302026-03-30T15:59:11+5:30

केरल चुनाव प्रचार के लिए रवाना होने से पहले सोमवार को एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि यह तो होना ही था, भाजपा ने बिहार की जनता को भी ठगा है और नीतीश कुमार को भी ठगने का काम किया है।

Politics Heats Up as Chief Minister Nitish Kumar Resigns from Legislative Council Membership; Tejashwi Yadav Calls It a BJP Conspiracy | मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिए जाने पर गरमायी सियासत, तेजस्वी यादव ने बताया भाजपा का साजिश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिए जाने पर गरमायी सियासत, तेजस्वी यादव ने बताया भाजपा का साजिश

पटना:बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद सूबे की सियासत गर्मा गई है। एनडीए के नेता जहां इसे नीतीश कुमार का अपना फैसला बता रहे हैं तो वहीं विपक्ष इसे भाजपा की साजिश करार दे रहा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा है कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले के पीछे भाजपा की बड़ी साजिश है। केरल चुनाव प्रचार के लिए रवाना होने से पहले सोमवार को एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि यह तो होना ही था, भाजपा ने बिहार की जनता को भी ठगा है और नीतीश कुमार को भी ठगने का काम किया है।

मुख्यमंत्री पद के अगले चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर तेजस्वी यादव ने साफ कहा कि यह सत्ताधारी गठबंधन का आंतरिक मामला है। उन्होंने कहा कि वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन जो घटनाक्रम हुआ है, वह सबके सामने है और जनता सब समझ रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देने पर तेजस्वी यादव ने कहा कि दूसरे सदन में अगर कोई भी चुना जाता है तो एक सदन से इस्तीफा देना पड़ता है। 

इसी प्रक्रिया के तहत नीतीश कुमार ने विधान परिषद से इस्तीफा दिया है। लेकिन जैसा दिख रहा है वैसा है नहीं। सच बात यह है कि बिना उनकी मर्जी से दबाव में यह निर्णय लिया गया है। तेजस्वी यादव ने कहा कि हमलोग तो शुरू से ही कहते रहे हैं कि बिहार में अगर एनडीए की सरकार आती है तो नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं रहने दिया जाएगा और आज वही बात सही साबित हो रही है। 

उन्होंने कहा कि चुनाव में जो इन लोगों ने सरकारी मशीनरी और धन तंत्र का इस्तेमाल किया था और माताओं-बहनो से कहा कि उन्हें दो लाख रुपए मिलेंगे। चुनाव के समय 10 हजार रुपए दिए गए और बाद में दो लाख रुपए देने का वादा किया गया। दो लाख रुपए कब मिलेंगे? बिहार की महिलाओं के साथ साथ मतदाताओं को भी इन लोगों ने ठगा। 125 यूनिट फ्री बिजली की जो बात थी। 

देशभर में सबसे महंगी बिजली बिहार में मिलती है। तेजस्वी यादव ने कहा कि कुल मिलाकर यह ठगों की सरकार है। जो लोग अपनों को ठग सकते हैं तो समझा जा सकता है कि आने वाले समय में बिहार की क्या स्थिति होने वाली है? गैस, डीजल-पेट्रोल हो, महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई है। जैसे ही बंगाल-केरल का चुनाव खत्म होगा, देश में पेट्रोल डीजल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि होगी। 

वहीं, जदयू नेताओं के भावुक होने के सवाल पर तेजस्वी ने निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग कैमरा देखकर रोते हैं, एक्टिंग करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता अब इस तरह की राजनीति को समझ चुकी है और इससे प्रभावित नहीं होने वाली। निशांत कुमार के राजनीतिक भविष्य को लेकर संतुलित प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि “जो भी राजनीति में आता है, उसका स्वागत है, लेकिन अंतिम फैसला जनता ही करती है। 

केरल दौरे पर जाने को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी पार्टी वहां मजबूती से चुनाव लड़ रही है और तीन सीटों पर समझौता हुआ है। उन्होंने दावा किया कि न तो केरल में और न ही पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा जान के खतरे वाले बयान पर तेजस्वी ने कहा कि अगर ऐसा कहा गया है तो इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए। 

उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए चिंताजनक बताया। तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, किसान परेशान हैं और आम जनता महंगाई से त्रस्त है। तेजस्वी यादव ने यह भी चेतावनी दी कि चुनाव खत्म होने के बाद डीजल, पेट्रोल और एलपीजी की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे आम लोगों की परेशानी और बढ़ेगी।

Web Title: Politics Heats Up as Chief Minister Nitish Kumar Resigns from Legislative Council Membership; Tejashwi Yadav Calls It a BJP Conspiracy

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे