बिहार में दो आईपीएस अधिकारियों के बीच विवाद से सियासत हुई गर्म, सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार पर कसा तंज
By एस पी सिन्हा | Updated: February 10, 2023 17:39 IST2023-02-10T17:35:24+5:302023-02-10T17:39:36+5:30
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की जनता और अधिकारियों को तो यह पता ही नहीं है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं या तेजस्वी यादव? आखिर वे अपनी समस्या लेकर जाएं तो किसके पास जाएं?

(photo credit: twitter)
पटना:बिहार में दो आईपीएस अधिकारियों के बीच खींचातान का मामला थमता नहीं दिख रहा है। जहां आईपीएस शोभा ओहटकर और आईपीएस विकास वैभव के बीच का विवाद अब राजनीतिक गलियारों में गूंजने लगा है।
आईपीएस अधिकारियों के बीच हुई भिड़ंत पर सूबे की सियासत गर्मा गई है। विधानपरिषद में नेता विरोधी दल सम्राट चौधरी ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से कोई उम्मीद नहीं है, लेकिन डीजीपी को इस मामले में संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले की पूरी जांच कराकर दोषी अधिकारी के खिलाफ तुरंत एक्शन लेना चाहिए। हालांकि, मुख्यमंत्री को तो किसी बात की जानकारी ही नहीं होती है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की जनता और अधिकारियों को तो यह पता ही नहीं है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं या तेजस्वी यादव? आखिर वे अपनी समस्या लेकर जाएं तो किसके पास जाएं? उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों से बात कर मामले की जानकारी लेनी चाहिए। मगर नीतीश कुमार पर विश्वास खत्म हो चुका है, उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है। मुख्यमंत्री कहते हैं कि कैबिनेट का विस्तार होगा, लेकिन सुपर सीएम तेजस्वी यादव कहते हैं कि कैबिनेट का विस्तार नहीं होगा।
यहां तो लोगों को पता ही नहीं है कि मुख्यमंत्री और गृह मंत्री कौन है? जब किसी को पता ही नहीं है कि कौन मुख्यमंत्री है और कौन गृह मंत्री, तो अधिकारी और जनता किसके पास गुहार लगाने के लिए जाएंगे? बिहार में सारी व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और नीतीश कुमार लगातार अप्रासंगिक होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस सरकार में गुंडे, हत्यारे और बलात्कारी मंत्री बन जाएंगे।
उस सरकार से कोई उम्मीद नहीं की जा सकती है। जिस सरकार में कोई व्यवस्था ही नहीं है, उस सरकार में अफसरशाही तो हावी रहेगी ही। ऐसे भी नीतीश कुमार को तो कुछ पता ही नहीं होता है कि राज्य में क्या हो रहा है? मुख्यमंत्री को अफसर बताते जरूर हैं लेकिन उन्हें कुछ याद ही नहीं रहता है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार बताएं कि बिहार में सुशासन कहां है? नीतीश कुमार का शासन रिमोट से चल रहा है। लालू प्रसाद यादव के जंगलराज की पुनरावृति हो गई है। बिहार में यात्रा के माध्यम से नीतीश कुमार सिर्फ नाटक कर रहे हैं और दिखावा कर रहे हैं। नीतीश कुमार हेलीकॉप्टर वाले मुख्यमंत्री बन गए हैं। नीतीश कुमार को और रात में रुक कर गांव में देखना चाहिए तब जाकर हकीकत पता चलेगी।