नई दिल्लीः उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने बुधवार को कहा कि कर्तव्य निभाते हुए अपना बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को यह देश कभी नहीं भूलेगा।
उप राष्ट्रपति सचिवालय ने नायडू को उद्धृत करते हुए ट्वीट किया, ‘‘पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर आज मैं उन सभी पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने अपना कर्तव्य निभाते हुए प्राणों का बलिदान दिया।’’
उल्लेखनीय है कि यह दिन वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग इलाके में चीनी सैनिकों के साथ हुई झड़प में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 जवानों की शहादत की याद में मनाया जाता है। नायडू ने कहा, ‘‘ राष्ट्र उनके बलिदान, वीरता और प्रतिबद्धता के लिए कृतज्ञ है।’’
मोदी ने ‘पुलिस स्मृति दिवस’ पर पुलिस बल की सराहना की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि पुलिसकर्मी हमेशा बिना किसी हिचक के अपना सर्वश्रेष्ठ देते हैं। ‘पुलिस स्मृति दिवस’ पर मोदी ने कहा, ‘‘ भयावह अपराधों को सुलझाने से लेकर कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आपदा प्रबंधन में मदद करने से लेकर कोविड-19 से निपटने तक, पुलिसकर्मियों ने बिना किसी हिचक के अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ हमें नागरिकों की सहायता के लिए उनके परिश्रम और उनकी तत्परता पर गर्व है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ ‘पुलिस स्मृति दिवस’ भारत में हमारे पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को आभार व्यक्त करने का दिन है। कर्तव्यपालन के दौरान शहीद हुए सभी पुलिस कर्मियों को हम श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनके बलिदान और सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा।’’