शायर मुनव्वर राना की बेटी उरुसा ने यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू पर लगाया दुर्व्यवहार का आरोप
By भाषा | Updated: July 18, 2021 11:25 IST2021-07-18T11:22:53+5:302021-07-18T11:25:13+5:30
उरुसा राना ने आरोप लगाया कि जब वह गांधी प्रतिमा के सामने धरना प्रदर्शन से पहले प्रियंका का अभिवादन करने उनके नजदीक पहुंचीं तो लल्लू ने उन्हें बेइज्जत करके वहां से चले जाने को कहा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने उरुसा के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ था।
लखनऊः उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस की मध्य जोन इकाई की उपाध्यक्ष और मशहूर शायर मुनव्वर राना की बेटी उरुसा राना ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के लखनऊ में धरने के दौरान दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया।
लल्लू ने इन आरोपों को गलत बताया है। उरुसा ने आरोप लगाया कि जब वह गांधी प्रतिमा के सामने धरना प्रदर्शन से पहले प्रियंका का अभिवादन करने उनके नजदीक पहुंचीं तो लल्लू ने उन्हें बेइज्जत करके वहां से चले जाने को कहा।
उरूसा ने कहा कि जब लखनऊ में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के खिलाफ प्रदर्शन की बारी थी तब लल्लू उनसे सहयोग मांगते थे। आज जिस तरह उन्होंने बर्ताव किया उससे वह बहुत आहत हैं।
उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने उरुसा के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ था। उरुसा पार्टी की सम्मानित पदाधिकारी हैं और उनका अपमान करने का कोई सवाल ही नहीं उठता। लल्लू ने कहा कि बल्कि खुद उन्होंने ही प्रियंका से उरुसा का परिचय कराया था। उरुसा खुद को जहां से हटाए जाने की बात कर रही हैं वहां प्रियंका के अलावा किसी और को नहीं बैठना था।