इन 13 कांग्रेसी नेताओं को पीएम नरेंद्र मोदी करते हैं ट्विटर पर फॉलो
By लोकमत समाचार हिंदी ब्यूरो | Updated: August 29, 2018 07:45 IST2018-08-29T07:45:21+5:302018-08-29T07:45:21+5:30
पीएम नरेंद्र मोदी को ट्विटर पर चार करोड़ 37 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। खुद पीएम मोदी करीब दो हजार लोगों को ट्विटर पर फॉलो करते हैं।

narendra modi twitter and congress
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्विटर पर सबसे ज्यादा फॉलो किये जाने वाले भारतीय हैं लेकिन वो ज्यादा चर्चा में इसलिए रहते हैं कि खुद पीएम किसे फॉलो करते हैं।
ट्विटर पर आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट करने वाले कई लोगों ने अपने प्रोफाइल इन्फो में लिख रखा है कि पीएम मोदी उन्हें फॉलो करते हैं।
ऑनलाइन हो या रियल जिन्दगी कोई किसी को यूँ ही फॉलो नहीं करता। खासकर, किसी पार्टी का प्रमुख नेता हो या कोई मुख्यमंत्री या देश का प्रधानमंत्री।
इस ख़बर को लिखे जाने तक ट्विटर पर पीएम मोदी के चार करोड़ 37 लाख से ज्यादा फॉलोवर हैं। ख़ुद पीएम केवल दो हजार लोगों को फॉलो करते हैं।
पीएम मोदी एक दर्जन से ज्यादा कांग्रेसी नेताओं को ट्विटर पर फॉलो करते हैं। आइए देखें किन 13 कांग्रेसी नेताओं को ट्विटर पर पीएम मोदी फॉलो करते हैं?
1- अहमद पटेल
कहा जाता है कि किसी एक कांग्रेसी नेता की सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ तक सीधी पहुँच है तो वो हैं अहमद पटेल।
अभी हाल ही में जब कांग्रेस के मौजूदा अध्यक्ष राहुल गांधी ने संगठन में फेरबदल किये तो पटेल को पार्टी का कोषाध्यक्ष (ट्रेजरर) बनाया।
अपने गृह प्रदेश गुजरात से राजनीति शुरू करने वाले पटेल को अर्थनीति और राजनीति दोनों का माहिर खिलाड़ी माना जाता है।
गुजरात राज्य सभा चुनाव के दौरान बीजेपी के एड़ी-चोटी के जोर लगाने के बावजूद पटेल नजदीकी अंतर से चुनाव जीतने में कामयाब रहे।
यह पीएम मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को पिछले दो दशकों में गुजरात के भीतर मिली शायद सबसे गहरी कसक देने वाली मात थी।
गुजरात राज्य सभा चुनाव में पटेल की राजनीति पर निर्णायक मुहर लग गयी। बाकी, कांग्रेस का कोषाध्यक्ष बनाए जाने से उनकी अर्थनीति पर मुहर लग गयी है।
पटेल को ट्विटर पर पीएम मोदी समेत पाँच लाख 47 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
2- दिग्विजय सिंह
दिग्गी राजा के नाम से मशहूर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पिछले कुछ सालों से अपने बयानों की वजह से विवादों में रहते हैं।
दिग्गी राजा ने मुख्यमंत्री रहते हुए कसम ली थी कि अगर चुनाव हार गये तो 10 साल तक चुनाव नहीं लड़ेंगे और उन्होंने अपना कसम निभायी भी।
राज्य सभा सांसद दिग्विजय सिंह कभी कांग्रेस महासचिव हुआ करते थे। इस समय वो मध्य प्रदेश कोऑर्डिनेशन कमेटी के प्रमुख हैं।
ट्विटर पर अति-सक्रिय दिग्गी राजा को भी पीएम मोदी फॉलो करते हैं। दिग्विजय सिंह को ट्विटर पर आठ लाख 36 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
3- पृथ्वीराज चव्हाण
महाराष्ट्र के पूर्व सीएम पृथ्वीराज चव्हाण उन चुनिंदा कांग्रेस नेताओं में एक हैं जिन्हें पीएम मोदी ट्विटर पर फॉलो करते हैं।
पृथ्वीराज चव्हाण खानदानी कांग्रेसी हैं। उनके पिता दाजीसाहब चव्हाण करीब 16 साल तक लोक सभा सांसद रहे। दाजीसाहब जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी कैबिनेट में मंत्री भी रहे।
पृथ्वीराज चव्हाण की माँ प्रेमालकाकी चव्हाण भी लोक सभा और राज्य सभा सांसद रही थीं।
पृथ्वीराज चव्हाण ने 1991 में माँ के निधन के बाद खाली हुई लोक सभा सीट से चुनाव जीतकर राजनीति में कदम रखा।
चव्हाण मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए-1 में केंद्रीय मंत्री रहे। आदर्श सोसाइटी घोटाले में तत्कालीन कांग्रेसी मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण का नाम आने पर पृथ्वीराज चव्हाण को मुख्यमंत्री बनाया गया।
चव्हाण को पीएम मोदी के अलावा एक लाख 21 हजार से ज्यादा लोग ट्विटर पर फॉलो करते हैं।
4- डॉ सीपी जोशी
कांग्रेसी नेता डॉक्टर सीपी जोशी राजनीति में आने से पहले राजस्थान के मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में मनोविज्ञान के प्रोफेसर थे।
जोशी ने मोहन लाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के छात्र संघ से राजनीति की शुरुआत की। वो छात्र संघ के अध्यक्ष रहे।
1980 में जोशी ने राजास्थान की नाथद्वारा विधान सभा सीट से चुनाव जीता। इसी सीट से वो 1985 में विधायक बने।
2008 के राजस्थान विधान सभा चुनाव में उन्हें महज एक सीट से बीजेपी उम्मीदवार कल्याण सिंह चौहान के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
साल 2009 के लोक सभा चुनाव में वो भीलवाड़ा से सांसद चुने गये और यूपीए-2 सरकार में केंद्रीय मंत्री बने।
पीएम मोदी के अलावा जोशी को ट्विटर पर एक लाख 89 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
5- अभिषेक मनु सिंघवी
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी जाने-माने वकील और कानून विशेषज्ञ हैं।
सिंघवी दिल्ली के सेंट स्टीफेंस, कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी और हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से शिक्षित-दीक्षित हैं।
जाहिर है कांग्रेस में सिंघवी का महत्व राजनीतिक सूझबूझ से ज्यादा उनकी कानूनी महारत की वजह से है।
सीनियर एडवोकेट सिंघवी महज 37 साल की उम्र में 1997 में भारत के एडिशनल सॉलिसिटर जनरल बनाए गये थे।
पश्चिम बंगाल से राज्य सभा सांसद सिंघवी को ट्विटर पर पीएम मोदी के अलावा एक लाख 22 से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
6- शशि थरूर

संयुक्त राष्ट्र संघ के पूर्व अधिकारी और 17 किताबों के लेखक थरूर अपनी बौद्धिकता और कुशाग्रता के लिए जाने जाते हैं।
थरूर ने साल 2009 के लोक सभा चुनाव में केरल के तिरुअनंतपुरम से चुनाव जीतकर राष्ट्रीय राजनीति में कदम रखा।
मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए-2 सरकार में थरूर केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री रहे।
साल 2014 के लोक सभा चुनाव में भी थरूर ने तिरुअनंतपुरम से जीत हासिल की।
शशि थरूर के ट्विटर पर 66 लाख 19 हजार से ज्यादा फॉलोवर हैं जिनमें एक पीएम मोदी हैं।
7- रणदीप सिंह सुरजेवाला
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 25 अगस्त को जब 2019 के लोक सभा चुनाव के लिए कांग्रेस की तीन प्रमुख टीमों का ऐलान किया तो रणदीप सिंह सुरजेवाला का नाम दो टीमों में था।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरजेवाला का नाम कांग्रेस कोर ग्रुप कमेटी और पब्लिसिटी कमेटी में है।
सुरजेवाला खानदारी कांग्रेसी हैं। उनके पिता शमशेर सिंह सुरजेवाला हरियाणा की कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे थे।
सुरजेवाला हरियाणा के कैथल से विधायक हैं। विधायक होने के बावजूद राष्ट्रीय राजनीति में उनका क़द कांग्रेस में काफी ऊँचा है।
सुरजेवाला कांग्रेस वर्किंल कमेटी के भी सदस्य हैं। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के कम्युनिकेशन इनचार्ज भी हैं।
ट्विटर पर पीएम मोदी के अलावा पाँच लाख 79 हजारा से ज्यादा फॉलोवर हैं।
8- ज्योतिरादित्य सिंधिया
ज्योतिरादित्य सिंधिया के पिता माधवराव सिंधिया के बड़े नेता थे। उनकी दादी विजय राजे सिंधिया बीजेपी की कद्दावर नेता और लोक सभा सांसद रही थीं।
माधवराव सिंधिया नौ बार लोक सभा सांसद रहे। इंदिरा गांधी के निधन के बाद 1984 में जब राजीव गांधी प्राइम मिनिस्टर बने तो उन्होंने माधवराव सिंधिया को केंद्र सरकार में मंत्री बनाया।
विजय राजे ने पहला लोक सभा चुनाव 1957 में कांग्रेस के टिकट पर जीता था लेकिन बाद में वो भारतीय जन संघ और फिर भारतयी जनता पार्टी में चली गयीं।
ज्योतिरादित्य की बुआ वसुंधरा राजे राजस्थान की बीजेपी सरकार की मुख्यमंत्री हैं। उनकी दूसरी बुआ यशोधराराजे सिंधिया भी बीजेपी में हैं।
अब तक आप समझ ही चुके होंगे कि सिंधिया परिवार की कांग्रेस और बीजेपी दोनों में गहरी दखल है।
कांग्रेस ने मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव में ज्योतिरादित्य को चुनाव प्रचार प्रमुख बनाया है।
पीएम मोदी के अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया को ट्विटर पर 12 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
9- अजय माकन
अजय माकन को साल 2015 में दिल्ली विधान सभा चुनाव में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री उम्मीदवार के तौर पर पेश किया था। उस चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया था।
शीला दीक्षित के नेतृत्व में तीन बार लगातार दिल्ली में सरकार बनाने वाली कांग्रेस को 2015 के चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली।
दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन ने 1993 से 2004 तक विधायक रहे। साल 2004 में वो नई दिल्ली लोक सभा सीट जीतकर संसद पहुंंचे।
माकन ने साल 2009 के चुनाव में भी नई दिल्ली सीट से जीत हासिल की लेकिन साल 2014 के लोक सभा चुनाव में उन्हें बीजेपी की मीनाक्षी लेखी से हार का सामना करना पड़ा।
माकन को ट्विटर पर पीएम मोदी के अलावा छह लाख 88 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
10- मिलिंद देवड़ा
मिलिंद देवड़ा खानदानी कांग्रेसी हैं। उनके पिता मुरली देवड़ा कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे थे।
साल 2004 में मिलिंद देवड़ा महज 27 साल की उम्र में लोक सभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे।
साल 2009 के लोक सभा चुनाव में भी मिलिंद देवड़ा ने जीत हासिल की और केंद्र सरकार में मंत्री बने।
2019 लोक सभा चुनाव के लिए बनाई गयी कांग्रेस पब्लिसिटी कमेटी में मिलिंद देवड़ा को जगह मिली है।
पीएम मोदी के अलावा ट्विटर पर देवड़ा के 16 लाख 94 हजार से ज्यादा फॉलोवर हैं।
11- आरपीएन सिंह
आरपीएन सिंह भी खानदारी कांग्रेसी हैं। उनके पिता सीपीएन सिंह सांसद और इंदिरा गांधी कैबिनेट में मंत्री रहे थे।
आरपीएन सिंह साल 2009 के लोक सभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की कुशीनगर सीट से जीतकर संसद पहुँचे।
आरपीएन सिंह को मनमोहन सिंह कैबिनेट में केंद्रीय राज्य मंत्री बनाया गया।
उनकी पत्नी सोनिया सिंह एनडीटीवी की एडिटोरियल डायरेक्टर और एंकर हैं।
ट्विटर पर पीएम मोदी के अलावा एक लाख आठ हजार लोग उन्हें फॉलो करते हैं।
12- नवजोत सिंह सिद्धू
पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी नवजोत सिंह सिद्धू भी उन नेताओं में शामिल हैं जिन्हें पीएम मोदी फॉलो करते हैं।
आज भले ही सिद्धू कांग्रेस नेताओं की कतार में हैं लेकिन वो बीजेपी के लोक सभा और राज्य सभा सांसद रह चुके हैं।
साल 2017 के पंजाब विधान सभा चुनाव से पहले सिद्धू और उनकी विधायक पत्नी नवजोत कौर ने कांग्रेस का दामन थाम लिया था।
सिद्धू की पत्नी पंजाब की अकाली दल और बीजेपी गठबंधन सरकार में मंत्री भी थीं।
दूसरे नेताओं के अलग सिद्धू के कांग्रेस में जाने के बाद भी पीएम मोदी ने उन्हें अन-फॉलो नहीं किया।
नवजोत सिंह सिद्धू को ट्विटर पर तीन लाख 95 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं जिनमें से एक पीएम मोदी हैं।
13- राहुल गांधी
पीएम नरेंद्र मोदी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भी ट्विटर पर फॉलो करते हैं।
गुजरात विधान सभा चुनाव के नतीजे आने से पहले ही राहुल ने अपनी माँ सोनिया गांधी की जगह कांग्रेस अध्यक्ष पद की कुर्सी संभाली थी।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के विधान सभा चुनावों और 2019 के लोक सभा चुनावों के लिए राहुल गांधी ने अपनी टीम बना ली है।
कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद से ही राहुल पीएम मोदी से सीधे दो-दो हाथ करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे।
राजनीतिक जानकार इसे 2019 के आम चुनाव की तैयारी मान रहे हैं।
राहुल गांधी को ट्विटर पर पीएम मोदी के अलावा 74 लाख 91 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
आप इस लिस्ट में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और राहुल की माँ सोनिया गांधी का नाम न देखकर चौंक गये होंगे।
सोनिया गांधी का ट्विटर पर कोई आधिकारिक अकाउंट नहीं हैं इसलिए पीएम मोदी द्वारा उन्हें फॉलो करने का सवाल ही नहीं उठता।











