2029 के बाद भी देश का नेतृत्व करते रहेंगे पीएम मोदी?, सीएम फडणवीस बोले- संजय राउत अपना घर देखिए, बीजेपी में कार्यकर्ता ही तय करते हैं...
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: April 8, 2025 16:44 IST2025-04-08T16:43:18+5:302025-04-08T16:44:29+5:30
सांसद संजय राउत ने दावा किया था कि मोदी 30 मार्च को संभवतः “सितंबर में अपनी सेवानिवृत्ति का आवेदन पत्र लिखने” संघ मुख्यालय गए थे।

file photo
मुंबईः महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 2029 के बाद भी देश का नेतृत्व करते रहेंगे और उत्तराधिकारी पर चर्चा का कोई सवाल ही नहीं उठता। फडणवीस का यह बयान शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत के पिछले महीने के उस दावे के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि मोदी यह संदेश देने के लिए नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुख्यालय गए थे कि वह “सेवानिवृत्त” हो रहे हैं। मोदी के उत्तराधिकारी के बारे में नागपुर में की गई उनकी पूर्व टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने मंगलवार को कहा, “मैंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराधिकारी के बारे में सोचने का यह सही समय नहीं है, क्योंकि 2029 में मोदी फिर से प्रधानमंत्री होंगे।” वह मुंबई में ‘इंडिया ग्लोबल फोरम’ में बोल रहे थे।
राउत ने दावा किया था कि मोदी 30 मार्च को संभवतः “सितंबर में अपनी सेवानिवृत्ति का आवेदन पत्र लिखने” संघ मुख्यालय गए थे। उनका इशारा 75 वर्ष की उम्र में सेवानिवृत्त हुए भाजपा के कुछ नेताओं की ओर था। प्रधानमंत्री के रूप में अपने तीसरे कार्यकाल में मोदी इस वर्ष सितंबर में 75 वर्ष के हो जायेंगे।
राज्यसभा सदस्य ने दावा किया था, “ऐसा प्रतीत होता है कि मोदी के उत्तराधिकारी का फैसला संघ द्वारा किया जाएगा, यही कारण है कि मोदी को (संघ मुख्यालय में) बुलाया गया और चर्चा हुई। संघ की चर्चा बंद कमरे में होती है। संकेत बहुत साफ हैं। संघ अगला नेता तय करेगा और वह नेता महाराष्ट्र से हो सकता है।”
फडणवीस ने राउत के दावे को खारिज करते हुए कहा था, “हमारी संस्कृति में, जब पिता जीवित हो, तो उत्तराधिकार के बारे में बात करना अनुचित है। यह मुगल संस्कृति है। इस पर चर्चा करने का समय नहीं आया है।” संघ के वरिष्ठ नेता सुरेश भैयाजी जोशी ने कहा था कि उन्हें प्रधानमंत्री के बदले जाने के बारे में किसी भी चर्चा की जानकारी नहीं है।