नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi)ने भारतीय-अमेरिकी पत्रकार ब्रह्म कांचिबोटला (Brahm Kanchibotla) के निधन पर बुधवार (8 अप्रैल) को शोक जताया और कहा कि उन्हें उनके उल्लेखनीय काम के लिए हमेशा याद किया जाएगा। कांचिबोटला ने भारतीय समाचार एजेंसी यूनाइटेड न्यूज़ ऑफ़ इंडिया में अपनी सेवाएं दी थीं। कोरोना वायरस (Coronavirus) से संक्रमित कांचिबोटला का सोमवार रात न्यूयॉर्क के एक अस्पताल में निधन हो गया।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, 'भारतीय-अमेरिकी पत्रकार श्री ब्रह्म कांचिबोटला के निधन से बेहद दुखी हूं। भारत और अमेरिका को पास लाने में उनके प्रयासों तथा उल्लेखनीय काम के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।' उन्होंने कहा, 'उनके परिजनों और मित्रों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति।' बता दें कि कांचिबोटला पहले कांचिबोटला पहले भारतवंशी नहीं हैं, जिनकी अमेरिका में कोरोना की वजह से मृत्यु हुई हो। अमेरिका में ऐसे सैकड़ों भारतवंशी मौजूद हैं, जोकि कोरोना वायरस महामारी का सामना कर रहे हैं। उनमें से कई की जान भी गई है।
अमेरिका में कई सामुदायिक संगठनों और प्रवासी नेताओं ने यह जानकारी दी है। हालांकि कितने भारतवंशी वायरस से संक्रमित हैं, इसको लेकर कोई ठोस आंकड़ा मौजूद नहीं है। सोशल मीडिया समूहों पर मौजूद जानकारी के अनुसार न्यूयॉर्क और न्यूजर्सी में बड़ी संख्या में भारतीय अमेरिकी संक्रमित हैं। इन दोनों शहरों में ही सबसे अधिक संख्या में भारतवंशी रहते हैं और यहीं कोविड-19 (COVID-19) के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं।