प्रधानमंत्री ने तोक्यो ओलंपिक में कुश्ती में रजत पदक जीतने पर दहिया को बधाई दी

By भाषा | Updated: August 5, 2021 20:58 IST2021-08-05T20:58:35+5:302021-08-05T20:58:35+5:30

PM congratulates Dahiya on winning silver medal in wrestling at Tokyo Olympics | प्रधानमंत्री ने तोक्यो ओलंपिक में कुश्ती में रजत पदक जीतने पर दहिया को बधाई दी

प्रधानमंत्री ने तोक्यो ओलंपिक में कुश्ती में रजत पदक जीतने पर दहिया को बधाई दी

नयी दिल्ली, पांच अगस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तोक्यो ओलंपिक की कुश्ती प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने वाले भारतीय पहलवान रवि दहिया को बधाई दी और कहा कि उनका जुझारूपन और उनकी दृढ़ता उत्कृष्ट हैं।

प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘रवि कुमार दहिया एक शानदार पहलवान हैं। उनका जुझारूपन और उनकी दृढ़ता उत्कृष्ट है। तोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने पर उन्हें बधाइयां। उनकी इस उपलब्धि पर भारत को गर्व है।’’

दहिया बृहस्पतिवार को स्वर्ण पदक जीतने से चूक गये। पुरुषों के 57 किग्रा भार वर्ग कुश्ती प्रतियोगिता में रूसी ओलंपिक समिति के जावुर युवुगेव से हारकर उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

बाद में प्रधानमंत्री ने दहिया और उनके कोच अनिल मान से फोन पर बात की।

अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री ने दहिया से कहा कि देश को उनपर नाज है और उनकी सफलता पूरे देश को प्रेरित करने वाली है।

प्रधानमंत्री ने कड़ी मेहनत के लिए रवि की सराहना की और कहा कि वह उनसे 15 अगस्त को मिलने को उत्सुक हैं।

ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री ने ओलंपिक दल में शामिल सभी खिलाड़ियों को 15 अगस्त को लाल किला पर आमंत्रित किया है। बाद में वह सभी से अपने आधिकारिक आवास पर भी मिलेंगे।

निशानेबाज अभिनव बिंद्रा भारत की तरफ से ओलंपिक में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। उन्होंने बीजिंग ओलंपिक 2008 में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में सोने का तमगा हासिल किया था।

कुश्ती में भारत का यह दूसरा रजत पदक है। इससे पहले सुशील कुमार लंदन ओलंपिक 2012 के फाइनल में पहुंचे थे लेकिन उन्हें रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा था।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: PM congratulates Dahiya on winning silver medal in wrestling at Tokyo Olympics

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे