लाइव न्यूज़ :

बंटवारे के वक्त भी नहीं दिखी होंगी कोरोना काल जैसी तस्वीरें : अखिलेश

By भाषा | Updated: December 2, 2021 19:20 IST

Open in App

ललितपुर (उत्तर प्रदेश), दो दिसंबर समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कोविड-19 महामारी के दौरान मची अफरा-तफरी की तुलना देश के विभाजन के हालात से करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि भाजपा सरकार की नाकामी के कारण कोरोना काल में ऐसी तस्वीरें सामने आई जो बंटवारे के समय भी देखने को नहीं मिली होंगी।

यादव ने ललितपुर के गिन्नौट बाग में आयोजित 'समाजवादी विजय यात्रा' को संबोधित करते हुए कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान भाजपा सरकार ने जनता को अनाथ छोड़ दिया तथा उस दौरान विडंबना को दर्शाती ऐसी तस्वीरें बंटवारे के वक्त भी नहीं देखी गई होंगी।

उन्होंने कहा, "वह तस्वीरें कौन भूल जाएगा... जिस समय लॉकडाउन लगा था और दूसरे प्रदेशों में काम कर रहे हमारे मजदूर भाइयों को अपने घर आना पड़ रहा था। ऐसी तस्वीरें कभी नहीं देखी होगी किसी ने। जब हमारे देश का बंटवारा हुआ तब भी ऐसा नहीं हुआ।"

यादव ने आरोप लगाया, "भाजपा की सरकार ने बैरिकेडिंग लगा दी और किसी भी मजदूर भाई को उत्तर प्रदेश में घुसने नहीं दिया। न जाने कितने दिन वे सीमा पर खड़े रहे। जहां पर गाय बांधी जाती थी, गौशाला थी, खाली मैदान था वहां हमारे मजदूर भाइयों को रख दिया। भूखे प्यासे बिना नहाए बिना पानी के हफ्ते हफ्ते हमारे मजदूर भाइयों को रहना पड़ा। अगर सरकार चाहती तो हमारे मजदूर भाइयों को पैदल नहीं चलना पड़ता।"

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर उस वक्त उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार होती तो किसी भी मजदूर को पैदल नहीं जाने दिया जाता, सरकारी गाड़ियां लगवा कर मजदूरों को उनके घर पहुंचा दिया जाता।

उन्होंने कहा ,‘‘ प्रदेश की जनता पिछले साढ़े चार साल का कार्यकाल देखकर भाजपा को पूरी तरह समझ चुकी है। इतना दुख कभी जनता को नहीं दिया गया। अब भाजपा की कोई चाल नहीं चलने वाली। अब उत्तर प्रदेश में बदलाव होकर रहेगा। ’’

यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर एक बार फिर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोग परिवारवाद का आरोप लगाते हैं लेकिन जिनका परिवार ही नहीं है वह परिवार के बारे में क्या जानें।

सपा अध्यक्ष ने कहा, "योगी वही होता है जो दूसरों के दर्द को अपना समझे। आप बताएं क्या वह (योगी आदित्यनाथ) दूसरे के दर्द को अपना समझते हैं। ये चिलमजीवी लोग उत्तर प्रदेश को आगे नहीं ले सकते।"

उन्होंने कहा ,‘‘ किसानों के सामने इस वक्त सबसे ज्यादा संकट है। उन्हें खाद के लिए लंबी-लंबी लाइन लगानी पड़ रही है। इस बार ललितपुर के लोग लाइन में लगकर भाजपा के खिलाफ इतने वोट डालें कि वह सत्ता से बेदखल हो जाए।"

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में सपा की सरकार बनने पर बुंदेलखंड के किसानों को दो फसलें लेने की व्यवस्था की जाएगी तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसानों को खाद लेने के लिए कतार में नहीं खड़ा होना पड़ेगा।

सपा के सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष पूर्व मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने इस मौके पर जनता से कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद अखिलेश यादव को हर हाल में मुख्यमंत्री बनाना होगा, तभी प्रदेश का भला हो सकेगा।

उन्होंने कहा ,‘‘हाल में हुए उपचुनाव हारने के बाद घबराई भाजपा ने पेट्रोल और डीजल के दाम घटाए। यदि जनता उत्तर प्रदेश से भाजपा को बेदखल कर दे तो महंगाई भी अपने आप कम हो जाएगी। ’’

राजभर ने कहा कि भाजपा ने बुंदेलखंड की जनता से धोखा किया है और अब चुनाव के वक्त में इस पार्टी के लोग मतदाताओं के बीच आकर तरह-तरह के झूठ बोलेंगे लेकिन 2022 के चुनाव में इस पार्टी को खदेड़ना होगा।

उन्होंने कहा "भाजपा ने पिछड़ों का आरक्षण छीन लिया है। अब चुनाव में जब तक भाजपा की विदाई नहीं, तब तक कोई ढिलाई नहीं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटIND vs SA 1st T20I: टीम इंडिया का टी20 विश्व कप के लिए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कटक की हार का सिलसिला खत्म करना है लक्ष्य

भारतGoa Nightclub Fire: आग लगने के कुछ घंटों बाद मालिक इंडिगो फ्लाइट से फुकेट भागा, हादसे में 25 लोगों की हुई मौत

भारतVIDEO: कांग्रेस ने मुस्लिम लीग के आगे घुटने टेक दिए, पीएम मोदी...

भारतVIDEO: कांग्रेस महिला विरोधी है, अपशब्द बोलते रहते हैं, कंगना रनौत...

भारतVIDEO: नेहरू ने इसरो नहीं बनाया होता आपका मंगलयान ना होता, लोकसभा में प्रियंका गांधी

भारत अधिक खबरें

भारतनवजोत कौर सिद्धू को उनके विवादित बयान के कारण कांग्रेस पार्टी से किया गया सस्पेंड

भारतउमर अब्दुल्ला ने बताया कैसे एक ठुकराई हुई लड़की ने पुलिस से अपने एक्स- बॉयफ्रेंड के बारे में शिकायत की और फिर हुआ दिल्ली ब्लास्ट की साज़िश का पर्दाफ़ाश

भारत'आप यहां चुनाव के लिए हैं, हम यहां देश के लिए हैं': प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी, बीजेपी पर हमला किया

भारतटीएमसी सांसद ने PM मोदी द्वारा बंकिम चंद्र को ‘बाबू’ की जगह ‘दा’ कहने पर जताई आपत्ति, प्रधानमंत्री को भाषण के बीच में रोका, VIDEO

भारतपहले LOC पर आग लगाओ, बारूदी सुरंगें नष्ट करो, फिर आतंकियों को धकेलने का रास्ता बनाओ: घुसपैठ के लिए पाक सेना के नए हथकंडे