लाइव न्यूज़ :

लोकतंत्र में जनता की आवाज सुननी पड़ती है : गहलोत

By भाषा | Updated: October 26, 2021 16:18 IST

Open in App

जयपुर, 26 अक्टूबर बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी व किसान आंदोलन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सुननी पड़ती है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के आगे किसी भी पार्टी या नेता का ‘घमंड’ नहीं चलता। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता के प्रेम व विश्वास से वह तीसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं और वह इसे भूल नहीं सकते। गहलोत विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में लसाड़िया (उदयपुर) व झल्लारा में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ लंबे समय से प्रदर्शन कर रहे किसानों का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा, ‘‘लोकतंत्र में जनता की आवाज सुननी पड़ती है। जो खेती करता है वह अन्नदाता होता है। उनकी भावनाओं की कद्र करना हमारा फर्ज बनता है। बातचीत से समस्या का हल निकलता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।’’

गहलोत ने कहा, ‘‘धरियावद विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के लोग गांव-गांव घूमकर लोगों को गुमराह करते हैं। उनसे कोई पूछे कि आपके राज में महंगाई क्यों बढ़ती जा रही है। कोई जवाब है इनके पास? रोज पेट्रोल, डीजल व गैस के दाम बढ़ते जा रहे हैं। गैस सिलेंडर 300 रुपए का था आज 1000 रुपये का हो गया।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इन्होंने पहले कहा था कि हर साल दो करोड़ लोगों को नौकरी देंगे। लेकिन अब तो उसकी बात करना ही भूल गए। जो भी वादे किए थे सात साल पहले, चाहे नरेंद्र मोदी जी ने किए हों, या भाजपा के लोगों ने, उनका कोई जिक्र नहीं होता।’’

गहलोत ने कहा कि राज्य की वल्लभनगर व धरियावद की दो सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं और यह चुनाव हमारे लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, ‘‘इससे न तो सरकार बनने वाली है और गिरने वाली। अगर भाजपा जीतती है तो उसकी सीटों की संख्या 72 से बढ़ जाएगी पर अगर कांग्रेस की सीट बढ़ती है तो दो फायदे होंगे, एक तो आपके लिए अधिक से अधिक काम करने के हमारे सपने को मजबूती मिलेगी और आपका नुमाइंदा सरकार में होगा और आपकी पैरवी करेगा और आपकी मांगें पूरी करवाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दूसरा फायदा पूरे राज्य को होगा। अगर हम दोनों सीटें जीतते हैं तो कर्मचारी, अधिकारी वर्ग में संदेश जाएगा कि राज्य की सरकार मजबूत है इसलिए जनता ने कांग्रेस के पक्ष में वोट दिया है। इसका मतलब है कि जनता का मन सरकार के पक्ष में है। अगर सरकार मजबूत होती है तो लोगों के काम अधिक होते हैं।’’

गहलोत ने कहा कि राज्य में कांग्रेस नीत सरकार ने ढाई साल में शानदार काम किया है। उन्होंने पिछले साल अपनी सरकार पर आए संकट की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘सरकार को गिराने का माहौल भी भाजपा के लोगों ने बनाया, वह लंबी कहानी है। लेकिन आपके आशीर्वाद से तीसरी बार मुख्यमंत्री बना हूं। राज्य के लोगों ने मेरे प्रति जो प्रेम, विश्वास दिखाया है उसे मैं कैसे भूल सकता हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए अगर मैं चौबीस घंटे भी काम करूं तब भी वह दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, आम जनता के लिए कम पड़ता है। मैं रात दिन एक कर काम कर रहा हूं ताकि राजस्थान का विकास हो, नौजवानों को नौकरी मिले। अभी हमने करीब एक लाख नौकरियां दी हैं और 25 हजार पदों को भरने पर काम चल रहा है।’’

लसाड़िया में जनसभा से पहले गहलोत धरियावद (प्रतापगढ़) के पूर्व विधायक दिवंगत गौतम लाल मीणा के निवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

सभा के दौरान गहलोत ने कहा कि भाजपा के कुछ नेता उनके दिवंगत मीणा के घर जाने को भी राजनीति से जोड़ रहे हैं जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है। गहलोत ने भाजपा नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘अगर आपको गौतम मीणा के परिवार की इतनी ही चिंता थी तो उनके बेटे को टिकट दे देते! किसने मना किया था।’’

धरियावद से कांग्रेस उम्मीदवार नागराज मीणा के समर्थन में झल्लारा में जनसभा को संबोधित करते हुए गहलोत ने कहा, ‘‘केन्द्र सरकार को हम जवाब दे रहे है, विपक्ष में हम लोग जवाब दे रहे है.. राहुल गांधी बोलते हैं, सोनिया गांधी बोलती हैं और फिर भी इन पर असर नहीं हो रहा है... उनको घमंड बहुत आ गया है, लेकिन आपके आगे किसी का घंमड नहीं चलता है।’’

उल्लेखनीय है कि वल्लभनगर (उदयपुर) व धरियावद (प्रतापगढ़) विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। मतदान 30 अक्टूबर को व मतगणना दो नवंबर को होगी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतIndiGo Crisis: 6 दिन में 2000 से अधिक फ्लाइट कैंसिल, दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइज़री जारी की, एयरपोर्ट जाने से पहले लेटेस्ट स्टेटस चेक कर लें

भारतनागपुर विधानमंडल शीतकालीन सत्रः 8000 से अधिक पुलिस कर्मी तैनात, पक्ष-विपक्ष में इन मुद्दों पर टकराव

पूजा पाठPanchang 08 December 2025: जानें आज कब से कब तक है राहुकाल और अभिजीत मुहूर्त का समय

पूजा पाठAaj Ka Rashifal 08 December 2025: आज इन 4 राशिवालों को बड़ी खुशखबरी मिलने की संभावना, बाकी भी जानें अपना भविष्य

पूजा पाठSaptahik Rashifal: इस सप्ताह इन 5 राशिवालों को मिलेगा धनी बनने का मौका, लग सकती है लॉटरी

भारत अधिक खबरें

भारतSIR Registered: एसआईआर पर राजनीतिक विवाद थमने के नहीं दिख रहे आसार

भारतसिकुड़ता नागपुर विधानसभा सत्र और भंग होतीं अपेक्षाएं!

भारतPutin India Visit: ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे...!

भारतAirport Suitcases Rules: प्लेन में सूटकेस ले जाने का बदला नियम, यात्रा से पहले जरूर जान लें इसे

भारतPM Awas Yojana: अब अपने घर का सपना होगा पूरा, सरकार से पाए 1.30 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता; ऐसे करें आवेदन