गांधीनगर के लोग बदलाव चाहते हैं, ‘आप’ मजबूत विकल्प बनकर उभरी: सिसोदिया

By भाषा | Updated: September 29, 2021 18:04 IST2021-09-29T18:04:38+5:302021-09-29T18:04:38+5:30

People of Gandhinagar want change, AAP emerged as a strong alternative: Sisodia | गांधीनगर के लोग बदलाव चाहते हैं, ‘आप’ मजबूत विकल्प बनकर उभरी: सिसोदिया

गांधीनगर के लोग बदलाव चाहते हैं, ‘आप’ मजबूत विकल्प बनकर उभरी: सिसोदिया

अहमदाबाद, 29 सितंबर आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने बुधवार को दावा किया कि गुजरात की राजधानी गांधीनगर के लोग बदलाव चाहते हैं और उनकी पार्टी सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी तथा विपक्षी दल कांग्रेस का एक मजबूत विकल्प बन कर उभरी है। गांधीनगर महानगर पालिका (जीएमसी) के तीन अक्टूबर को होने वाले चुनाव से पहले सिसोदिया एक रोडशो में भाग लेने गांधीनगर आए थे।

उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि शहर के लोगों ने अतीत में कांग्रेस को मौका दिया था लेकिन पार्टी ने लोगों के जनादेश का अपमान किया और भाजपा को महानगर पालिका पर कब्जा करने में सहायता की। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री ने कहा, “अब गांधीनगर के लोग परिवर्तन चाहते हैं। ऐसा नहीं है कि भाजपा शुरू से यहां जीत रही है। अतीत में गांधीनगर के लोगों ने कांग्रेस को भी मौका दिया क्योंकि लोग भाजपा के शासन से खुश नहीं थे। लेकिन चूंकि कांग्रेस ही एक विकल्प था इसलिए लोगों ने बदलाव लाने के लिए उस पार्टी को वोट दिया।”

सिसोदिया ने कहा, “लेकिन दुर्भाग्य से, कांग्रेस कमजोर रही। पार्टी ने लोगों के जनादेश को धोखा दिया और अंततः भाजपा को सत्ता हथियाने में उसकी सहायता की। लेकिन अब आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और भाजपा दोनों का मजबूत विकल्प बनकर उभरी है। मुझे पूरा विश्वास है कि हम इस चुनाव में जीतेंगे।”

सिसोदिया जीएमसी के 2016 में हुए चुनाव का हवाला दे रहे थे जब कांग्रेस और भाजपा दोनों को 32 में से 16-16 सीटें मिली थीं। दोनों दलों को ‘ड्रा ऑफ लॉट्स’ के जरिये बोर्ड निर्माण करने का बराबरी का मौका मिला था लेकिन अंत समय में कांग्रेस के पार्षद प्रवीण पटेल भाजपा में शामिल हो गए और निकाय संस्था में भाजपा को सत्ता में लाने में मदद की।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: People of Gandhinagar want change, AAP emerged as a strong alternative: Sisodia

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे