लाइव न्यूज़ :

पीडीपी प्रमुख ने जम्मू कश्मीर मुद्दे के हल के लिए पाकिस्तान के साथ वार्ता तथा सीमापार मार्गों को खोलने की वकालत की

By भाषा | Updated: November 9, 2020 17:33 IST

Open in App

जम्मू, नौ नवंबर पीपीडी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने सोमवार को इस बात पर बल दिया कि पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर में संबंधित पक्षों के साथ वार्ता तथा सीमापार रास्तों को खोलने से शांति आ सकती है और इस समस्या का स्थायी हल मिल सकता है।

महबूबा मुफ्ती ने भाजपा को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा बताये गये रास्ते पर चलने का सुझाव दिया ।

पूर्व मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि घाटी में ‘आतंकवाद बढ़ रहा है’ तथा ‘‘बीच का कोई रास्ता नहीं छोड़े जाने एवं सत्ता के दम पर असंतोष की आवाज को बंद करा दिये जाने ’ के बाद अधिकाधिक युवा ‘जेल जाने के बजाय आतंकवाद की रास्ते’ की ओर जाने लगे हैं।

जम्मू की अपनी पांच दिवसीय यात्रा के समापन पर महबूबा ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘घृणा और विभाजन की राजनीति के जरिए माहौल बिगाड़ने के प्रयास किये जा रहे हैं। भाजपा के शासन में आतंकवाद बढ़ने के कारण हम जैसे लोगों के लिए कश्मीर में रहना मुश्किल हो रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ वे कह रहे हैं कि आतंकवाद का सफाया हो गया है जबकि हकीकत यह है कि हर गांव से कम से कम 12-15 युवक आतंकवाद से जुड़ रहे हैं।’’

जन सुरक्षा कानून के तहत 14 महीने की हिरासत से मुक्त किये जाने के बाद महबूबा की यह पहली जम्मू यात्रा थी। उन्हें पिछले साल जम्मू कश्मीर के विशेष दर्जे को हटाये जाने के बाद हिरासत में लिया गया था।

उन्होंने कहा कि आतंकवाद बढ़ रहा है क्योंकि ‘‘आपने (भाजपा ने) सभी आवाजें दबा दीं और लोगों के लिए बीच का रास्ता छोड़ा ही नहीं। युवा दो विकल्पों पर विचार कर रहा है-- जेल जाया जाए या बंदूक उठाया जाए तथा वह जेल जाने के बजाय मारे जाने के लिए दूसरा रास्ता चुन रहा है।’’

महबूबा ने कहा कि सीमा पर स्थिति लोगों के लिए चिंता का सबब है क्योंकि स्थानीय लोगों को निरंतर सीमापार गोलाबारी से अपनी जान का डर सता रहा है।

जब उनसे कहा गया कि पाकिस्तानी गोलाबारी एवं उसमें नागरिकों के हताहत होने में कमी नहीं आ रही है, तब ऐसे में उससे संवाद कैसे संभव है, तो उन्होंने कहा, ‘‘ हमें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा बताये गये रास्ते से मार्गदर्शन प्राप्त करना होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कारगिल युद्ध और संसद पर हमले के बावजूद उन्होंने पाकिस्तान के साथ दोस्ती की, फलस्वरूप आतंकवाद घटा था एवं सीमा पर गोलीबारी भी रूकी थी। ’’

महबूबा ने कहा, ‘‘ हमें उससे मार्गदर्शन प्राप्त करना होगा और उसके (पाकिस्तान के) साथ तथा जम्मू कश्मीर में संबंधित पक्षों के साथ बातचीत करनी होगी। जब हम चीन के साथ आठ दौर की बातचीत कर सकते हैं जिसने हमारे हमारे 20 सैनिकों को शहीद कर दिया और हमने अंगुली भी नहीं उठायी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हम अपनी एक एक इंच जमीन के लिए उनके साथ बातचीत कर रहे हैं जबकि उसने हमारी 100 वर्गकिलोमीटर जमीन कब्जा कर ली है। यह दोहरा मापदंड क्यो है? उन्हें याद करना चाहिए कि वाजपेयी उनके मार्गदर्शक हैं और उन्हें उनके बताये रास्ते पर चलना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ जम्मू कश्मीर के दोनों हिस्से हमारे हैं। हमें जम्मू कश्मीर के दोनों हिस्सों को साथ लाने और जम्मू कश्मीर का स्थायी समाधान ढूढने के लिए मार्गों को खोलना होगा ताकि इस क्षेत्र में शांति आए और अपनी आक्रामकता दिखा रहा चीन भी रूके।’’

महबूबा ने कहा कि वह चाहती हैं कि जम्मू कश्मीर भारत एवं उसके पड़ोसियों के बीच ‘शांति एवं मैत्री’ का सेतु बने।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटRCB vs CSK: चेन्नई सुपर किंग्स की लगातार तीसरी हार, आरसीबी ने 43 रन से जीता बैक-टू-बैक दूसरा मुकाबला

विश्वसमय तेजी से बीत रहा और 48 घंटे बाद उन पर कहर टूट पड़ेगा?, ट्रंप ने कहा- होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोले तो?

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान में उतारा

क्रिकेटबेंगलुरु में छक्कों की बौछार के बीच, टिम डेविड की विस्फोटक पारी से CSK के खिलाफ RCB ने बनाया 250/3 का विशाल स्कोर

विश्व5 दिन और न्यायिक हिरासत में रहेंगे पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक

भारत अधिक खबरें

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

भारतLadki Bahin Yojana Row: महाराष्ट्र में 71 लाख महिलाएं अयोग्य घोषित, विपक्ष ने किया दावा, सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल

भारतयूपी बोर्ड ने 2026-27 के लिए कक्षा 9 से 12 तक NCERT और अधिकृत पुस्तकें अनिवार्य कीं

भारतपाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ के कोलकाता पर हमले की धमकी वाले बयान पर सोशल मीडिया पर 'धुरंधर' अंदाज़ में आई प्रतिक्रिया

भारतबिहार में CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग को लेकर महिलाओं ने शुरू किया सत्याग्रह