प्रसाद और मेरे अकाउंट पर रोक लगाने को लेकर ट्विटर से स्पष्टीकरण मांगेगी संसदीय समिति: थरूर

By भाषा | Updated: June 25, 2021 20:47 IST2021-06-25T20:47:16+5:302021-06-25T20:47:16+5:30

Parliamentary committee will seek clarification from Twitter on banning Prasad and my account: Tharoor | प्रसाद और मेरे अकाउंट पर रोक लगाने को लेकर ट्विटर से स्पष्टीकरण मांगेगी संसदीय समिति: थरूर

प्रसाद और मेरे अकाउंट पर रोक लगाने को लेकर ट्विटर से स्पष्टीकरण मांगेगी संसदीय समिति: थरूर

नयी दिल्ली, 25 जून कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने ट्विटर की ओर से केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद का अकाउंट कुछ देर के लिए बंद किए जाने के बाद शुक्रवार को कहा कि उनके साथ भी ऐसा हुआ और अब संसद की स्थायी समिति इस माइक्रो-ब्लॉगिंग वेबसाइट से इसको लेकर स्पष्टीकरण मांगेगी।

दरअसल, प्रसाद ने ट्वीट कर अपने अकाउंट को अस्थायी रूप से बंद किए जाने की जानकारी दी।

उन्होंने कहा, ‘‘दोस्तो! आज कुछ बहुत ही अनूठा हुआ। ट्विटर ने संयुक्त राज्य अमेरिका के डिजिटल मिलेनियम कॉपीराइट अधिनियम (डीएमसीए) के कथित उल्लंघन के आधार पर लगभग एक घंटे तक मेरे अकाउंट तक पहुंच को रोका और बाद में उन्होंने मुझे अकाउंट के उपयोग की अनुमति दी।’’

प्रसाद के इस ट्वीट को रिट्वीट करते हुए सूचना प्रौद्योगिकी मामलों संबंधी स्थायी समिति के प्रमुख थरूर ने कहा, ‘‘रवि जी, मेरे साथ भी यही हुआ। स्पष्ट रूप से डीएमसीए अति सक्रिय हो रहा है।’’

कांग्रेस सांसद के मुताबिक, ट्विटर ने उनके एक ट्वीट को डिलीट कर दिया क्योंकि इससे किसी जमाने में मशहूर रहे वोकल ग्रुप (संगीत समूह) ‘बोनी एम’ के गाने ‘रासपुतिन’ से संबंधित कॉपीराइट का मामला जुड़ा था। थरूर ने कहा कि एक पूरी प्रक्रिया के बाद उनका अकाउंट फिर से शुरू कर दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी स्थायी समिति के प्रमुख के तौर पर मैं यह कह सकता हूं कि हम ट्विटर-इंडिया से प्रसाद और मेरे अकांउट पर रोक लगाने को लेकर स्पष्टीकरण मांगेंगे। उससे यह भी जवाब मांगा जाएगा कि भारत में कारोबार करते हुए वह किन नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन करती है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Parliamentary committee will seek clarification from Twitter on banning Prasad and my account: Tharoor

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे