परमबीर सिंह का तबादला, हेमंत नागराले होंगे मुंबई पुलिस के नए प्रमुख

By भाषा | Updated: March 17, 2021 18:24 IST2021-03-17T18:24:12+5:302021-03-17T18:24:12+5:30

Parambir Singh transferred, Hemant Nagrale will be the new chief of Mumbai Police | परमबीर सिंह का तबादला, हेमंत नागराले होंगे मुंबई पुलिस के नए प्रमुख

परमबीर सिंह का तबादला, हेमंत नागराले होंगे मुंबई पुलिस के नए प्रमुख

मुंबई, 17 मार्च महाराष्ट्र सरकार ने प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के बाहर विस्फोटक मिलने के मामले से ‘निपटने' को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे मुंबई पुलिस के आयुक्त परमबीर सिंह का बुधवार को तबादला कर दिया।

राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हेमंत नागराले सिंह की जगह मुंबई पुलिस के नए आयुक्त होंगे। सिंह का राज्य के होमगार्ड विभाग में तबादला कर दिया गया है।

बुधवार दोपहर राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात करने वाले देशमुख ने ट्विटर के जरिये यह जानकारी दी। इससे पहले सिंह द्वारा सचिन वाजे प्रकरण से निपटने को लेकर मीडिया में चर्चाएं थीं।

देशमुख ने ट्वीट किया, ''सरकार का बड़ा फैसला। श्री हेमंत नागराले मुंबई पुलिस के नए आयुक्त होंगे। श्री रजनीश सेठ को महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।''

उन्होंने लिखा, ''श्री संजय पांडे को महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा निगम की जिम्मेदारी दी गई है। श्री परमबीर सिंह को होमगार्ड विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।''

महाराष्ट्र सरकार ने यह फैसला राज्य में सत्तारूढ़ शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस गठबंधन की सिलसिलेवार बैठकों के बाद लिया है। वाजे दक्षिण मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के निकट 25 फरवरी को विस्फोटक से लदी स्कॉर्पियो कार मिलने के मामले में एनआईए द्वारा की जा रही जांच के केन्द्र में हैं।

मुंबई पुलिस के अधिकारी सचिन वाजे को इस मामले में कथित भूमिका के चलते 13 मार्च को गिरफ्तार कर लिया गया था। वह हाल तक मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की अपराध खुफिया इकाई से संबद्ध थे।

ताजा घटनाक्रम सोमवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और राकांपा प्रमुख शरद पवार के बीच हुई बैठक के बाद देखने को मिला है। ऐसी खबरें है कि वाजे ने सिंह के निर्देश पर इस पूरे प्रकरण की पटकथा तैयार की थी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Parambir Singh transferred, Hemant Nagrale will be the new chief of Mumbai Police

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे