पप्पू यादव ने जेल से बाहर आते ही फिर बोला नीतीश सरकार पर तीखा हमला, कहा- बिहार में अलग-अलग जगहों पर बच्चियों को मारा जा रहा है
By एस पी सिन्हा | Updated: February 14, 2026 15:37 IST2026-02-14T15:37:21+5:302026-02-14T15:37:21+5:30
पप्पू यादव ने कहा कि अंग्रेज इतना बदले की भावना से काम नहीं करते थे, जितनी गंदगी राजनीति में अब हो गई है। उन्होंने कहा कि बिहार में अलग-अलग जगहों पर बच्चियों को मारा जा रहा है।

पप्पू यादव ने जेल से बाहर आते ही फिर बोला नीतीश सरकार पर तीखा हमला, कहा- बिहार में अलग-अलग जगहों पर बच्चियों को मारा जा रहा है
पटना: पूर्णिया से सांसद सांसद पप्पू यादव ने जेल से बाहर आते ही एक बार फिर से प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार पर जोरदार निशाना साधा। दिल्ली जाते वक्त पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा कि अंग्रेज इतना बदले की भावना से काम नहीं करते थे, जितनी गंदगी राजनीति में अब हो गई है। उन्होंने कहा कि बिहार में अलग-अलग जगहों पर बच्चियों को मारा जा रहा है। पप्पू यादव ने पूछा कि हम नहीं थे तो किसी और ने इस पर आवाज क्यों नहीं उठाई?
उन्होंने कहा कि अंग्रेज के समय लगता था कि चलो लड़ लेंगे, लेकिन बीते 7 दिन में मुझे डर लगता था कि कहीं मुझ पर कोई नया मुकदमा ना कर दिया जाए। पप्पू यादव ने कहा कि डर लगता था कि कहीं कोई मुझे जेल में मरवा ना दे। उन्होंने कहा कि मैं दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष से मिलने जा रहा हूं। वहां इसकी शिकायत करूंगा।
उन्होंने बताया कि अब इलाज भी दिल्ली में करवाऊंगा। इससे पहले पप्पू यादव ने नीट छात्रा के परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने इस मामले की सीबीआई जांच का स्वागत किया। वहीं, दिल्ली रवाना होने से पहले पटना एयरपोर्ट पर एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब विधायक आईपी गुप्ता उनसे मिलते ही गले लगकर रोने लगे। अपने साथी को इस तरह टूटते देख पप्पू यादव भी खुद को रोक नहीं पाए और भावुक हो गए।
उधर पप्पू यादव के समर्थकों ने अपने सांसद के लिए जेड प्लस सुरक्षा देने और उन पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की है। समर्थकों ने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर सांसद पप्पू यादव पर दर्ज फर्जी मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो वे धरना प्रदर्शन और आंदोलन करने को बाध्य होंगे।