नए साल पर भी अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आया पाकिस्तान, गोलीबारी में एक भारतीय जवान शहीद
By सुरेश एस डुग्गर | Updated: January 1, 2021 20:35 IST2021-01-01T20:33:02+5:302021-01-01T20:35:06+5:30
अधिकारियों ने बताया कि जिले के नौशेरा क्षेत्र में अपराह्न करीब 3.30बजे और शाम करीब 5.30 बजे एलओसी के दूसरी तरफ से गोलीबारी और गोलाबारी किये जाने की घटना सामने आई।

सूबेदार रविन्द्र। (फाइल फोटो)
जम्मू, 1 जनवरी। पाक सेना की गोलाबारी में सेना का एक नायब सूबेदार राजौरी सेक्टर में शहीद हो गया। जबावी कार्रवाई में भारतीय सेना ने उस पार पाक सेना के खेमे में भारी तबाही मचाई है। शुक्रवार को जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर अग्रिम चौकियों पर दो बार गोलाबारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार भारतीय सैनिक पाकिस्तान द्वारा बिना उकसावे के संघर्ष विराम उल्लंघन का जवाब दे रहे हैं। एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान सेना ने आज अपराह्न करीब 3.30 बजे राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में एलओसी के आसपास छोटे हथियारों से गोलीबारी तथा मोर्टार से गोलाबारी कर संघर्ष विराम का अकारण उल्लंघन शुरू कर दिया।
सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि पाक गोलाबारी में सेना का नायब सूबेदार रविन्द्र शहीद हो गए। फिलहाल सेना ने यह जानकारी नहीं दी है कि रविन्द्र कहां के रहने वाले थे।
सेना प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय सेना मुंहफोड़ जवाब दे रही है। अधिकारियों के अनुसार पाकिस्तान ने शाम करीब 5.30 बजे नौशेरा सेक्टर में गोलाबारी की जिसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गयी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जम्मू कश्मीर में 2020 में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के आसपास पाकिस्तान की ओर से 5,100 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया। ये पिछले 18 साल में संघर्ष विराम उल्लंघन के सर्वाधिक मामले हैं। आंकड़ों के अनुसार संघर्ष विराम उल्लंघन की इन घटनाओं में 24 सुरक्षा कर्मी समेत 36 लोगों की मौत हो गयी और 130 से अधिक लोग घायल हो गये।