पाक ने संघर्षविराम तोड़ा, पांच सुरक्षाकर्मियों सहित 11 लोगों की मौत, पाक के आठ कर्मी भी मारे गए

By भाषा | Updated: November 13, 2020 23:51 IST2020-11-13T23:51:42+5:302020-11-13T23:51:42+5:30

Pakistan breaks ceasefire, 11 people including five security personnel, eight Pak personnel also killed | पाक ने संघर्षविराम तोड़ा, पांच सुरक्षाकर्मियों सहित 11 लोगों की मौत, पाक के आठ कर्मी भी मारे गए

पाक ने संघर्षविराम तोड़ा, पांच सुरक्षाकर्मियों सहित 11 लोगों की मौत, पाक के आठ कर्मी भी मारे गए

श्रीनगर/नयी दिल्ली, 13 नवंबर पाकिस्तानी सैनिकों ने शुक्रवार को जम्मू कश्मीर में उरी सेक्टर से लेकर गुरेज सेक्टर के बीच कई स्थानों पर नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया जिसमें पांच सुरक्षाकर्मियों सहित 11 लोगों की मौत हो गयी।

भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें पाकिस्तानी सेना के आठ सैनिकों को मार गिराया गया और 12 अन्य को जख्मी कर दिया। इसके अलावा उसके बुनियादी ढांचे को बड़ा नुकसान पहुंचाया गया है।

अधिकारियों और सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी गोलीबारी में भारतीय सेना के चार जवान, बीएसएफ के एक उप-निरीक्षक और छह असैन्य नागरिकों की मौत हो गयी, वहीं चार सुरक्षा कर्मी और आठ नागरिक घायल हो गए।

भारतीय सेना ने एलओसी पर हथियारों के ठिकानों, एफओएल के ठिकानों और आतंकवादियों के कई लांच पैड समेत पाकिस्तानी बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाने वाले वीडियो जारी किये।

सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तानी सेना के पकड़े गए संदेश के मुताबिक, मृतकों में उसके स्पेशल सर्विस ग्रुप के दो कमांडो भी शामिल हैं।

श्रीनगर में रक्षा प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने मोर्टार दागे और अन्य हथियारों से गोलाबारी की और जानबूझकर असैन्य क्षेत्रों को निशाना बनाया।

कर्नल कालिया ने बताया कि पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर अकारण संघर्ष विराम उल्लंघन शुरू कर दिया। पाकिस्तान ने डावर, केरन, उरी और नौगाम सहित अन्य सेक्टरों में गोलाबारी की। इस गोलाबारी में चार भारतीय सैनिक शहीद हो गए और तीन घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि उरी क्षेत्र के कमलकोट सेक्टर में दो नागरिकों की मौत हो गयी वहीं हाजी पीर सेक्टर के बालकोट क्षेत्र में एक महिला की मौत हो गयी।

उन्होंने कहा कि उरी में विभिन्न स्थानों के अलावा, बांदीपुरा जिले के गुरेज सेक्टर में इजमार्ग से और कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में भी संघर्ष विराम के उल्लंघन की सूचना मिली है।

जम्मू में एक रक्षा अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले में दो बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।

उन्होंने कहा, '' आज एक बजकर करीब 45 मिनट पर और दो बजकर करीब 45 मिनट पर पाकिस्तानी सेना ने पुंछ के सब्जियां में नियंत्रण रेखा के पास बिन उकसावे के गोलाबारी और गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।’’

उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की।

इससे पहले कर्नल कालिया ने बताया कि सेना ने घुसपैठ की एक कोशिश को विफल कर दिया। केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास संघर्ष विराम का उल्लंघन कर घुसपैठ के लिए मदद की जा रही थी।

उन्होंने कहा, ‘‘केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम चौकियों पर आज हमारे सैनिकों ने संदिग्ध गतिविधियां देखीं। सतर्क सैनिकों ने संदिग्ध घुसपैठ के प्रयास को नाकाम कर दिया।’’

एक सप्ताह के भीतर यह घुसपैठ की दूसरी कोशिश थी। इससे पहले 7- 8 नवंबर की मध्यरात्रि को माछिल सेक्टर में घुसपैठ का असफल प्रयास किया गया था जिसमें तीन आतंकवादी मारे गए थे।

उस अभियान में सेना के एक कैप्टन समेत तीन कर्मी और बीएसएफ के एक जवान शहीद हो गए थे।

नयी दिल्ली में, बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि बारामूला में नियंत्रण रेखा पर बल की आर्टिलरी बैटरी में तैनात उप निरीक्षक (एसआई) राकेश डोभाल (39) अपराह्न एक बजकर करीब 15 मिनट पर पाकिस्तान द्वारा की गयी गोलीबारी में घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गयी।

अधिकारियों ने कहा कि उसी अग्रिम चौकी पर तैनात कांस्टेबल वसु राजा गोलाबारी में घायल हो गए। उनके हाथ और गाल पर जख्म हैं। राजा की हालत स्थिर है।

बीएसएफ एलओसी पर सेना की अभियान संबंधी कमान के तहत काम करती है।

अधिकारियों ने कहा, “उप निरीक्षक ने कर्तव्य का निर्वाह करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने दुश्मन की ओर से भारी गोलीबारी का सामना किया। डोभाल उत्तराखंड में ऋषिकेश के निवासी थे और वह 2004 में सीमा सुरक्षा बल में शामिल हुए थे।”

डोभाल के परिवार में उनके पिता, पत्नी और नौ साल की एक पुत्री है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Pakistan breaks ceasefire, 11 people including five security personnel, eight Pak personnel also killed

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे