अवैध दूरसंचार प्रतिष्ठान चलाने के मामले में एक और व्यक्ति गिरफ्तार

By भाषा | Updated: September 24, 2021 15:32 IST2021-09-24T15:32:50+5:302021-09-24T15:32:50+5:30

One more person arrested for running illegal telecom establishment | अवैध दूरसंचार प्रतिष्ठान चलाने के मामले में एक और व्यक्ति गिरफ्तार

अवैध दूरसंचार प्रतिष्ठान चलाने के मामले में एक और व्यक्ति गिरफ्तार

कोलकाता, 24 सितंबर कोलकाता पुलिस के विशेष कार्यबल ने शहर के कस्बा इलाके से चल रहे अवैध दूरसंचार प्रतिष्ठान मामले की जांच के सिलसिले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस मामले में पहले से गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर एसटीएफ ने बड़ानगर पुलिस थाना क्षेत्र के मोइराडांगा रोड के निवासी दूसरे आरोपी को बृहस्पतिवार रात गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘ वह इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए व्यक्ति का साथी है। वह खुद से सिम बॉक्स चलाता था। गिरफ्तार दूसरे आरोपी के बयान के अनुसार वह पहले आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सतर्क हो गया और उसने सिम बॉक्स नष्ट कर दिए।’’

भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति पर भारतीय दंड संहिता और भारतीय टेलीग्राफ अधिनियम 1885 और भारतीय वायरलेस टेलीग्राफी अधिनियम 1933 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मंगलवार की रात एसटीएफ ने एक व्यक्ति को कथित तौर पर अवैध दूरसंचार प्रतिष्ठान (टेलिकॉम इंस्टॉलेशन) चलाने के मामले में शहर के कस्बा इलाके से गिरफ्तार किया था। कोलकाता पुलिस के विशेष कार्यबल ने दूरसंचार विभाग की शिकायत पर कस्बा पुलिस थाना क्षेत्र के स्विनहो लेन से 35 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया था।

इस अवैध प्रतिष्ठान के जरिए आईएसडी/वीओआईपी कॉल को खत्म कर घरेलू ऑपरेटरों के वैध अंतरारष्ट्रीय गेटवे को दरकिनार किया जा रहा था।

छापेमारी के दौरान 512 स्लॉट और 73 सक्रिय सिम के साथ तीन सक्रिय सिम बॉक्स, एक सीपीयू, तीन राउटर समेत कई अन्य चीजें जब्त की गईं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दूरसंचार विभाग की शिकायत के आधार पर कस्बा पुलिस थाने में भी मामला दर्ज कर लिया गया है।।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: One more person arrested for running illegal telecom establishment

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे