देह व्यापार का रैकेट चलाने के आरोप में एक गिरफ्तार, दो महिलाएं मुक्त कराई गईं
By भाषा | Updated: December 10, 2020 11:15 IST2020-12-10T11:15:45+5:302020-12-10T11:15:45+5:30

देह व्यापार का रैकेट चलाने के आरोप में एक गिरफ्तार, दो महिलाएं मुक्त कराई गईं
ठाणे (महाराष्ट्र), 10 दिसंबर महाराष्ट्र के ठाणे शहर में देह व्यापार का रैकेट चलाने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि ठाणे के लोकमान्य नगर में एक आवासीय परिसर पर छापा मारकर पुलिस ने दो महिलाओं को मुक्त कराया।
पुलिस के मानव तस्करी रोधी प्रकोष्ठ के अधिकारी ने बताया कि पुलिस को इस बारे में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद आरोपी महिला के फ्लैट पर मंगलवार शाम को छापा मारा गया और उसे गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने बताया कि फ्लैट से दो महिलाओं को भी मुक्त कराया गया। इनमें से एक ने बताया कि उसका डेढ़ साल का एक बच्चा है और उसका पति जितना कमाता है वह परिवार चलाने के लिए काफी नहीं होता।
उन्होंने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और अनैतिक व्यापार (रोकथाम) कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।