मुख्यमंत्री नारायणसामी के आग्रह पर कंडासामी ने धरना किया खत्म
By भाषा | Updated: January 19, 2021 21:24 IST2021-01-19T21:24:05+5:302021-01-19T21:24:05+5:30

मुख्यमंत्री नारायणसामी के आग्रह पर कंडासामी ने धरना किया खत्म
पुडुचेरी, 19 जनवरी पुडुचेरी के कल्याण मंत्री एम कंडासामी ने मुख्यमंत्री वी नारायणसामी के आग्रह पर मंगलवार को राज निवास के बाहर अपना धरना खत्म कर दिया। कंडासामी कुछ खास परियोजना से संबंधित फाइलों को कथित तौर पर आगे नहीं बढ़ाने को लेकर उप राज्यपाल किरण बेदी के खिलाफ पिछले कई दिनों से धरने पर बैठे थे।
इससे पहले नारायणसामी और कैबिनेट के मंत्रियों ने यहां धरना दिया था क्योंकि उन्हें पुलिस ने कंडासामी से मिलने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। हालांकि बाद में उन्हें इसकी अनुमति मिल गई। मुख्यमंत्री ने कंडासामी को बताया कि मंत्रियों के एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए वह 21 या 22 जनवरी को राष्ट्रपति से मिलने दिल्ली जाएंगे तथा उप राज्यपाल से मतभेदों का हल करने में उनसे हस्तक्षेप करने की अपील करेंगे।
इसके बाद कल्याण मंत्री ने अपना धरना खत्म किया और अपने कार्यालय लौट गए। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री और अन्य सहकर्मी मौजूद थे।
कंडासामी ने मंगलवार को धरना स्थल बदल दिया था। वह पिछले आठ दिन से विधानसभा परिसर में धरने पर बैठे थे। वह 10 जनवरी से ही उपराज्यपाल किरण बेदी के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना दे रहे थे। उनका आरोप है कि बेदी योजनाओं को मंजूरी देने में देरी कर रही हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।