लाइव न्यूज़ :

महाशिवरात्रि पर कुंभ के पहले शाही स्नान में उमड़ा आस्था का सैलाब

By भाषा | Updated: March 11, 2021 18:13 IST

Open in App

हरिद्वार (उत्तराखंड), 11 मार्च कोविड-19 महामारी के बावजूद महाशिवरात्रि पर महाकुंभ के पहले शाही स्नान में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा, जहां हर की पैड़ी स्थित ब्रहमकुंड में गंगा में डुबकी लगाने आए सात संन्यासी अखाड़ों के साधु संतों पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के निर्देश पर हेलीकॉप्टर से भी पुष्पवर्षा की गई।

यह पहला मौका था जब कुंभ में शाही स्नान के लिए आए साधु संतों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई।

पहले शाही स्नान के अवसर पर परिवार सहित यहां पहुंचे मुख्यमंत्री रावत ने स्वयं साधु संतों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। रावत ने कहा, ‘‘मैं साधु संतों के अभिनंदन के लिए यहां आया हूं और मैंने उन पर पुष्पवर्षा की है। साथ ही हेलीकॉप्टर से भी उन पर पुष्पवर्षा करवाई है। पहली बार ऐसा किया गया है और इससे साधु—संत बहुत प्रसन्न हैं।’’

मेला प्रशासन ने महाशिवरात्रि पर 30 लाख श्रद्धालुओं के स्नान करने का दावा किया और कहा कि स्नान सकुशल संपन्न हुआ।

महाशिवरात्रि पर संन्यासी अखाड़ों के हज़ारों नागा साधु—संतों ने हर हर महादेव के जयघोष के साथ ब्रह्मकुंड पर गंगा में डुबकी लगाकर शाही स्नान किया। हरिद्वार कुंभ मेले के इतिहास में पहली बार किन्नर अखाड़े ने जूना अखाड़े के साथ स्नान किया।

गंगा के विभिन्न घाटों पर ब्रह्ममुहूर्त में ही स्नान शुरू हो गया था जो देर शाम तक जारी रहा। आस्था व मोक्ष की कामना लेकर देश के कोने—कोने से आए श्रद्धालुओं को कोरोना संक्रमण की बेड़ियां भी नहीं रोक पाईं और उन्होंने गंगा के सभी घाटों को भर दिया।

हर की पैडी के ब्रहमकुंड क्षेत्र को अखाड़ों के शाही स्नान के लिए सुबह आठ बजे खाली करा लिया गया था लेकिन अन्य घाटों पर लाखों श्रद्धालु दिन भर गंगा में पुण्य की डुबकी लगाते रहे। शुभ मुहूर्त पर स्नान के लिए मंगलवार रात से ही श्रद्धालुओं का रेला उमड़ना शुरू हो गया था।

मेला प्रशासन ने मेले के लिए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए थे और पुलिस महानिरीक्षक संजय गुंज्याल, मेलाधिकारी दीपक रावत व जिलाधिकारी सी रविशंकर खुद सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए थे। कुंभ क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर अर्धसैनिक बल और पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड और नदी तट छेत्र में जल पुलिस की टीमें तैनात रही।

भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शाही स्नान के लिये पहले जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज की अगुवाई में श्रीपंच दशनाम जूना, श्री शंभू पंच अग्निअखाड़ा, श्रीपंच दशनाम आह्वान अखाड़ा के नागा साधु, संतों व दर्ज़नों महामंडलेश्वर अपने अपने रथों पर सवार होकर निकले। साथ मे किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर डॉ लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी की अगुवाई में किन्नर संतों व अन्य संतो ने जुलूस की शक्ल में बैंड बाजों तथा अन्य वाद्य यंत्रों के साथ हरकी पैड़ी पहुंच कर ब्रह्मकुंड में क्रमवार स्नान किया।

मेला प्रशासन ने हरकी पैड़ी पर सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक का समय अखाड़ों के लिये ही आरक्षित किया हुआ था। जूना, अग्नि और आवाहन अखाड़े के शाही स्नान से वापसी के बाद पंचायती श्री निरंजनी और श्री तपोनिधि आनंद अखाड़े के साधु संतों ने स्नान किया।

प्रदेश के नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने हरकी पैड़ी पहुंच कर निरंजनी अखाड़े के सभी महंतों, साधु—संतों व महानिर्वाणी अखाड़े की पेशवाई का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

तीसरे चरण में श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी और श्री अटल अखाड़े के संत स्नान के लिए ब्रह्मकुंड पहुंचें।

सभी अखाड़े अपने -अपने अखाड़े की धर्म ध्वजा व अपने अखाड़े के इष्ट देव की पालकी लेकर चल रहे थे। अखाड़ों ने अपने अपने इष्ट देवताओं को स्नान भी कराया।

प्रशासन की सभी अखाड़ों की छावनियों से लेकर हरकी पैड़ी पहुंचने के मार्गों पर साधु-संतों और नागाओं को देखने व उनका आशीर्वाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। अखाड़ों के आचार्य महामंडलेश्वर और महामंडलेश्वर रथों पर सवार रहे जबकि नागा संत पैदल चले।

हालांकि, इस दौरान श्रद्धालु कोविड—19 से बचाव के लिए मास्क पहनने और शारीरिक दूरी रखने जैसे दिशा-निर्देशों का पालन करते दिखाई नहीं दिए। हरिद्वार जिले की सीमा और मेला क्षेत्र में आने वाले लोगों की रैंडम सैंपलिंग भी की गई जिसमें चार लोग कोरोना संक्रमित निकले।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटKKR का खाता खुला, PBKS टॉप पर, मैच रद्द होने से बदला पूरा समीकरण

क्रिकेटKKR vs PBKS: ईडन गार्डन्स में आउटफील्ड गीली होने के कारण मैच रद्द, दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला

ज़रा हटकेVIDEO: हाईवे पर खतरनाक टावर गिरा, मौके पर प्रशासन मौजूद

भारतWest Bengal: विधानसभा चुनावों से पहले बंगाल की वोटर लिस्ट से करीब 90 लाख नाम हटाए गए

भारतAssam Opinion Poll 2026: बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए और भी बड़े बहुमत के साथ सत्ता में बना रहेगा, Matrize का अनुमान

भारत अधिक खबरें

भारतयूपी में सरकारी वकीलों की फीस 50% तक बढ़ाएगी सरकार, सरकारी खजाने पर बढ़ेगा 120 करोड़ रुपए का बोझ

भारत'मेरे पति 40 साल के हैं, मैं 19 की': मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने का अधिकार जीता

भारत'IIT बाबा' अभय सिंह ने कर्नाटक की इंजीनियर से शादी की, पत्नी के साथ हरियाणा में अपने पैतृक गांव पहुंचे

भारतSamrat Vikramaditya Mahanatya: 60 हजार से ज्यादा दर्शकों ने देखा 'सम्राट विक्रमादित्य', वाराणसी के रोम-रोम में बसा अनोखा मंचन, देखें Photos

भारतDelhi Assembly Security Breach: कार में सवार व्यक्ति ने कॉम्प्लेक्स का गेट तोड़कर पोर्च में रखा गुलदस्ता, वीडियो