अरुणाचल के गांव में 16 चरवाहों को टीका लगाने के लिए अधिकारियों ने तय किया नौ घंटे का सफर

By भाषा | Updated: July 13, 2021 22:11 IST2021-07-13T22:11:38+5:302021-07-13T22:11:38+5:30

Officials set a nine-hour journey to vaccinate 16 shepherds in Arunachal village | अरुणाचल के गांव में 16 चरवाहों को टीका लगाने के लिए अधिकारियों ने तय किया नौ घंटे का सफर

अरुणाचल के गांव में 16 चरवाहों को टीका लगाने के लिए अधिकारियों ने तय किया नौ घंटे का सफर

ईटानगर, 13 जुलाई अरुणाचल प्रदेश में चीन की सीमा से पास स्थित दूरदराज के एक गांव में ब्रोक्पा (चरवाहे) समुदाय के 16 लोगों को टीका लगाने के लिए अधिकारियों के एक दल ने दो पर्वत चोटियों, घने जंगल, दलदली रास्ते और एक नदी से होते हुए नौ घंटे का सफर तय किया।

तवांग जिले के उपायुक्त सांग फुंत्सोक के नेतृत्व में दल के सदस्यों ने पैदल और वाहन पर चलते हुए रास्ता तय किया और चरवाहों को टीका लगाने पहुंचे। जिले के थिंगबु और लुगथांग के बीच स्थित डोमसांग गांव में 21 मई को विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया था, जिसमें यह चरवाहे छूट गए थे।

तवांग के उपायुक्त और जिला परिषद् के अध्यक्ष लेकी गोम्बु ने सोमवार को व्यक्तिगत रूप से डोमसांग में टीकाकरण शिविर का मुआयना किया, जो कि समुद्र तल से 14,000 फुट की ऊंचाई पर स्थित है। तवांग के आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। यात्रा रविवार को सुबह सात बजकर 15 मिनट पर आरंभ हुई और दल, न्यूकतेंग चोटी, नहछोट चोटी और लुगथांग नदी पार कर शाम साढ़े पांच बजे गांव तक पहुंचा।

अगली सुबह उपायुक्त ने क्षेत्र के विकास की समीक्षा के लिए गांव वालों के साथ एक बैठक की। ग्रामीणों ने भी गांव में पहली बार एक उपायुक्त और जिला परिषद् अध्यक्ष के आने की सराहना की। बैठक के बाद उन 16 चरवाहों को टीका लगाया गया, जो छूट गए थे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Officials set a nine-hour journey to vaccinate 16 shepherds in Arunachal village

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे