शिलांग, तीन नवंबर मेघालय में मंगलवार को कोविड-19 के 63 नए मामले सामने आए जबकि स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 101 रही।
एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि संक्रमण के 63 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9,741 हो गई।
उन्होंने बताया कि कुल नए मामलों में से 19 मामले पूर्वी खासी हिल्स जिले से, इसके बाद री भोई से 11, वेस्ट जयंतिया हिल्स और ईस्ट जयंतिया हिल्स से आठ-आठ मामले, वेस्ट गारो हिल्स से छह, ईस्ट गारो हिल्स से तीन, वेस्ट खासी हिल्स से चार, साउथ गारो हिल्स से दो मामले सामने आए हैं और एक-एक मामला नॉर्थ गारो हिल्स और साउथ गारो हिल्स से आया है। स्वास्थ्य सेवा निदेशक अमन वार ने कहा कि मेघालय में अब 971 लोगों का इलाज चल रहा है। मंगलवार को कोविड-19 से 101 मरीज स्वस्थ हुए जिसके बाद अब तक संक्रमण मुक्त हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 8,680 हो गई। राज्य में अब तक यह खतरनाक वायरस 90 लोगों की जान ले चुका है।