पूर्वोत्तर विकास मंत्री ने सभी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर बल दिया
By भाषा | Updated: July 11, 2021 19:42 IST2021-07-11T19:42:04+5:302021-07-11T19:42:04+5:30

पूर्वोत्तर विकास मंत्री ने सभी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर बल दिया
नयी दिल्ली, 11 जुलाई केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने रविवार को कहा कि पूर्वोत्तर के सामाजिक-आर्थिक विकास की गति तेज करने पर उनका ध्यान मुख्य रूप से केंद्रित होगा। इसके साथ ही उन्होंने चालू परियोजनाओं का काम समय पर पूरा होने पर बल दिया।
उन्होंने पूर्वोत्तर में विभिन्न विकास कार्यों और परियोजना गतिविधियों की समीक्षा के दौरान यह बात कही।
रेड्डी ने बृहस्पतिवार को पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय का कार्यभार संभाला था। उन्होंने दो दिन तक मंत्रालय की समग्र समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता की।
आधिकारिक बयान के अनुसार, रेड्डी ने कहा कि पूरे पूर्वोत्तर में सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देने पर उनका ध्यान विशेष रूप से केंद्रित होगा। मंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि सभी वर्तमान परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी लंबित परियोजनाओं को अन्य मंत्रालयों के साथ उचित सलाह-मशविरा कर जल्द से जल्द पूरा किया जाना चाहिए।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।