नए साल के जश्न पर पड़ेगी शीतलहर-कोहरे की मार, देश के उत्तरी राज्यों में जीरो के करीब पहुंच सकता है तापमान
By अमित कुमार | Updated: December 30, 2020 10:35 IST2020-12-30T10:33:00+5:302020-12-30T10:35:18+5:30
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान जयपुर, अजमेर, कोटा और भरतपुर संभाग के जिलों में जबरदस्त ठंड का अनुमान जताया है।

(फाइल फोटो)
उत्तर भारत के हिस्सों में 29-31 दिसंबर से रात के तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। कई राज्यों में शीतलहर चल रही है। यह बात भारत मौसम विभाग (आईएमडी) में सामने आई है। आईएमडी ने कहा कि कि शीतलहर की स्थिति में दो जनवरी से कमी आने की संभावना है। हिमालय से मैदानी इलाकों की ओर ठंडी हवाएं चलने के कारण दिल्ली के हिस्सों में अगले चार दिन शीतलहर चलने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग ने बताया कि कल यानी 31 दिसंबर और एक जनवरी को हल्के बादल छाए रह सकते हैं और पारा 3 डिग्री सेल्सियस के नीचे जा सकता है। ऐसा भी माना जा रहा है कि तापमान 0 तक भी गिर सकता है। मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तामपान 5.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश में छिटपुट क्षेत्रों में शीतलहर चलने की संभावना है। 30-31 दिसंबर के दौरान बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के हिस्सों और ओडिशा में कुछ स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि उत्तर पश्चिमी भारत में न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। उसके बाद तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की मामूली वृद्धि होगी।
राज्यों के लिए ऑरेंज चेतावनी भी जारी की गई है। आईएमडी ने कहा कि 30-31 दिसंबर के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली और उत्तरी राजस्थान में अलग-अलग इलाकों में हाड़ कंपाने वाली शीतलहर चल सकती है। आईएमडी ने कहा कि 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम उत्तर प्रदेश में कुछ इलाकों में सुबह के दौरान घना कोहरा छाने की संभावना है।

