नोएडा: पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी की सांकेतिक भूख हड़ताल
By भाषा | Updated: December 23, 2020 22:34 IST2020-12-23T22:34:04+5:302020-12-23T22:34:04+5:30

नोएडा: पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी की सांकेतिक भूख हड़ताल
नोएडा (उप्र), 23 दिसंबर नए कृषि कानूनों के विरोध में चिल्ला बॉर्डर पर चल रहे भारतीय किसान यूनियन (भानु) के धरने में बुधवार को पुरुषों के साथ-साथ 11 महिलाएं भी सांकेतिक भूख हड़ताल पर बैठीं। पिछले तीन दिनों से यहां किसान सांकेतिक भूख हड़ताल कर अपना विरोध जता रहे हैं।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की मांग को लेकर किसान यहां पर 23 दिनों से धरना दे रहे हैं। पिछले तीन दिनों से संगठन के पदाधिकारी रोजाना एक दिन की सांकेतिक भूख हड़ताल कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कृषि कानूनों के विरोध में बुधवार को 11 पुरुष किसानों के अलावा 11 महिलाओं ने भी सांकेतिक भूख हड़ताल की।
धरने पर बैठे किसानों ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती भी मनाई और धरनास्थल पर केक काटा। इस मौके पर दोपहर में धरनास्थल पर किसानों द्वारा हवन भी किया गया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।