सिंधिया और उनके साथ भाजपा में आए नेताओं में असुरक्षा की कोई भावना नहीं : राव

By भाषा | Updated: January 31, 2021 20:26 IST2021-01-31T20:26:18+5:302021-01-31T20:26:18+5:30

No sense of insecurity among Scindia and BJP leaders accompanying her: Rao | सिंधिया और उनके साथ भाजपा में आए नेताओं में असुरक्षा की कोई भावना नहीं : राव

सिंधिया और उनके साथ भाजपा में आए नेताओं में असुरक्षा की कोई भावना नहीं : राव

इंदौर, 31 जनवरी वरिष्ठ राजनेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को "संपूर्ण भाजपा का नेता" बताते हुए पार्टी के मध्य प्रदेश प्रभारी पी. मुरलीधर राव ने रविवार को कहा कि सिंधिया और उनके साथ पिछले साल कांग्रेस से भाजपा में आने वाले किसी भी नेता में असुरक्षा की कोई भावना नहीं है।

राव ने भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों की पहली बैठक में शामिल होने के दौरान यहां संवाददाताओं से कहा, "अब सिंधिया केवल उन लोगों के नेता नहीं हैं, जो उनके साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए थे। अब वह संपूर्ण भाजपा के नेता हैं। उनमें या उनके साथ भाजपा में आए नेताओं में असुरक्षा की कोई बात नहीं है।"

उन्होंने कहा, "ये सब नेता कहीं से भी आए हों, अब भाजपा में रम गए हैं।"

राव इस प्रश्न का उत्तर दे रहे थे कि सिंधिया की सरपरस्ती में पिछले साल सियासी पालाबदल करने वाले नेताओं को सत्तारूढ़ भाजपा के नवगठित प्रदेश संगठन में पर्याप्त जगह नहीं दिए जाने का क्या कारण है? उन्होंने कहा, "पहले आप बताइए कि यह पर्याप्त जगह क्या होती है? क्या हमारे उन सभी कार्यकर्ताओं को (भाजपा के नवगठित प्रदेश संगठन में) मौका मिल गया जिन्होंने जी-तोड़ मेहनत करते हुए (राज्य में) भाजपा के एक करोड़ सदस्य बनाए हैं।"

भाजपा के मध्य प्रदेश प्रभारी ने कहा, "यह बात ध्यान रखिए कि हमने अपने बरसों पुराने नेताओं को पीछे करते हुए सिंधिया के साथ भाजपा में आए नेताओं को मंत्री बनाया है। इस पर कुछ लोग ऐसा भी कह रहे हैं कि (शिवराज सिंह चौहान नीत) सरकार में संतुलन कम है और सिंधिया के साथ भाजपा में आए लोग (मंत्रिमंडल में) ज्यादा हैं।"

उन्होंने कहा, "दरअसल, यह किसी नेता को भाजपा में कम या ज्यादा तवज्जो दिए जाने का मुद्दा ही नहीं है।"

गौरतलब है कि सिंधिया की सरपरस्ती में कांग्रेस के 22 बागी विधायकों के विधानसभा से त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल होने के कारण राज्य की तत्कालीन कमलनाथ सरकार को मार्च 2020 में रुखसत होना पड़ा था। इसके तुरंत बाद शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा सूबे की सत्ता में लौट आई थी।

मध्य प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष कमलनाथ और राज्य के अन्य आला कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए राव ने कहा, "राज्य में कांग्रेस शून्य की ओर बढ़ रही है। कांग्रेस के अनुभवी नेता इस दल को संग्रहालय में रखी जाने वाली पार्टी बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं।"

वरिष्ठ भाजपा नेता ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "जो देशविरोधी गतिविधियों में शामिल होते हैं, जो अराजकतावादी हैं, जो पथराव करते हैं, उन लोगों का अगर कोई मुखिया और प्रवक्ता है, तो वह दिग्विजय सिंह हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: No sense of insecurity among Scindia and BJP leaders accompanying her: Rao

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे