लाइव न्यूज़ :

भाजपा के मुकाबले अगले 25 वर्षों तक कोई दल खड़ा होने की स्थिति में नहीं : केशव प्रसाद मौर्य

By भाषा | Updated: November 5, 2020 16:39 IST

Open in App

(आनन्‍द राय)

लखनऊ, पांच नवंबर उत्‍तर प्रदेश में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश नहीं होने के विपक्ष के आरोपों के बीच राज्य के उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2014 और 2019 के लोकसभा और 2017 विधानसभा चुनाव में मिली सफलता को 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव में भी दोहराएगी और आगे भी 25 वर्षों तक भाजपा के मुकाबले कोई दल खड़ा होने की स्थिति में नहीं रहेगा।

मौर्य ने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी की गुंडागर्दी उत्‍तर प्रदेश की जनता अभी भूली नहीं और पिछले तीन चुनावों में जनता ने समाजवादी पार्टी (सपा) , बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस को जो सजा दी है, वह इन दलों को याद रखना चाहिए।’’

हाल ही में कोरोना वायरस संक्रमण से उबरे उप मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर ‘‘पीटीआई-भाषा’’ से खास बातचीत में बसपा प्रमुख मायावती पर भी तीखा हमला किया।

पूर्व मुख्‍यमंत्री मायावती द्वारा हाल में दिए गये बयान पर कि सपा को हराने के लिए वह भाजपा की मदद कर सकती हैं और फिर यह घोषणा करना कि वह राजनीति से संन्‍यास ले लेंगी लेकिन जीते जी भाजपा से गठबंधन नहीं करेंगी, के बारे में पूछे जाने पर मौर्य ने कहा कि भाजपा को बसपा के सहारे की जरूरत नहीं है।

उन्‍होंने कहा, ‘‘मायावती अब महामिलावट से महागिरावट की ओर जा रही हैं। मायावती का पल-पल बदलने वाला बयान उनकी महागिरावट और घबराहट का संदेश है। वैसे भी बयान देना और पलटना उनकी आदत है और यह भी सच है कि मायावती 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद लगातार अपना जनाधार खो रही हैं।’’

एक सवाल के जवाब में प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि सभी विपक्षी दल मिलकर केंद्र में भाजपा को कमजोर करने की राजनीति कर रहे हैं, लेकिन विरोधियों को निराशा ही हाथ लगेगी।

अगले चुनाव में फिर से 2017 की सफलता दोहराने के दावे के पीछे आत्मविश्वास की वजह पूछे जाने पर मौर्य ने कहा ,‘‘केंद्र और प्रदेश की दोनों सरकारों ने जनता के साथ जो वादे किए उन्हें पूरा किया है। दूसरी बात यह कि विरोधी संगठनों के मुकाबले भाजपा मजबूत है।’’

उन्‍होंने कहा, ''सपा और बसपा की सरकारों ने 15 वर्षों में उत्‍तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया लेकिन भाजपा की सरकार ने आमजन के बीच खुशहाली लाने का काम किया है। भाजपा सरकार आमजन की कसौटी पर खरा उतरी है।''

मौर्य ने कहा, “100 में 60 प्रतिशत वोट हमारा है, बाकी में बंटवारा है और उसमें भी कुछ न कुछ हमारा है।”

सपा अध्‍यक्ष और पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव के मिशन 2022 के लक्ष्‍य और उपचुनाव से जीत की शुरुआत के दावे को खारिज करते हुए मौर्य ने कहा, ‘‘मैं जानता हूं कि जनता ने भाजपा के पक्ष में जमकर मतदान किया है। अखिलेश यादव मुंगेरी लाल के सपने देख रहे हैं। उनका सपना, सपना ही रह जाएगा। सपा, बसपा और कांग्रेस सभी मिलकर लड़ें तो भी विपक्ष का सपना पूरा होने वाला नहीं है।’’

उत्‍तर प्रदेश में विधानसभा की सात सीटों पर मंगलवार को उपचुनाव हुआ जिसका परिणाम दस नवंबर को घोषित होगा। 2017 के चुनाव में इन सात सीटों में छह पर भाजपा और एक सीट पर सपा को जीत मिली थी।

समाजवादी पार्टी द्वारा उप चुनाव में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के आरोप पर पलटवार करते हुए मौर्य ने कहा, ‘‘जो जैसा करता है वैसा ही दूसरे के बारे में सोचता है। समाजवादी पार्टी की गुंडागर्दी उत्‍तर प्रदेश की जनता भूली नहीं है। सत्‍ता का दुरुपयोग कर किस तरह उनके मंत्री लोगों का उत्‍पीड़न करते थे, यह भी किसी से छिपा नहीं है।’’

मौर्य ने यहां तक कहा कि ‘‘अखिलेश को दृष्टि दोष है और उन्‍हें अपनी दृष्टि ठीक करने के लिए इलाज कराने की जरूरत है।’’

हाथरस और बलरामपुर में दलित समुदाय की युवती के साथ कथित सामूहिक बलात्‍कार और हत्‍या की घटनाओं पर विपक्ष के हमलावर रुख की याद दिलाने पर मौर्य ने कहा,‘‘ सरकार अपराध और अपराधी को कतई बर्दाश्‍त नहीं करेगी। यह सबने देखा है कि चाहे किसी जाति और धर्म के लोगों के साथ कोई घटना हुई, तत्‍काल कार्रवाई हुई है। सरकार की मंशा स्‍पष्‍ट होने से कोई अपराधी बच नहीं सका।’’

सोनभद्र गोलीकांड से लेकर हाथरस तक कांग्रेस महासचिव और उत्‍तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा और कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी के आंदोलनात्‍मक रुख पर उन्‍होंने कहा, ‘‘वे (राहुल) तो 2019 में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले थे लेकिन जनता ने उन्‍हें उनकी हकीकत दिखा दी। प्रिंयका को तो मैं हमेशा ट्विटर वाद्रा कहता हूं। उनकी राजनीति इससे अधिक नहीं है। खासतौर से उत्‍तर प्रदेश में कांग्रेस फोटो खिंचवाने से अधिक की राजनीति नहीं करती है।’’

बलिया गोलीकांड में एक भाजपा विधायक के आरोपी के पक्ष में खुलकर खड़े होने के सवाल पर मौर्य ने कहा कि सरकार ने कठोरतम कार्रवाई कर यह संदेश दिया कि अपराधी के साथ कैसा सुलूक होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विधायक की गतिविधि का भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष ने संज्ञान लिया और पार्टी ने इस मामले पर विधायक को नोटिस दिया है, यह मसला अनुशासन समिति के पास है।

Open in App

संबंधित खबरें

विश्वसमय तेजी से बीत रहा और 48 घंटे बाद उन पर कहर टूट पड़ेगा?, ट्रंप ने कहा- होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोले तो?

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान में उतारा

क्रिकेटबेंगलुरु में छक्कों की बौछार के बीच, टिम डेविड की विस्फोटक पारी से CSK के खिलाफ RCB ने बनाया 250/3 का विशाल स्कोर

विश्व5 दिन और न्यायिक हिरासत में रहेंगे पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक

क्राइम अलर्टपंजाब पुलिस ने सीमा पार से मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया, 2 गिरफ्तार, 4.13 किलोग्राम हेरोइन बरामद

भारत अधिक खबरें

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

भारतLadki Bahin Yojana Row: महाराष्ट्र में 71 लाख महिलाएं अयोग्य घोषित, विपक्ष ने किया दावा, सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल

भारतयूपी बोर्ड ने 2026-27 के लिए कक्षा 9 से 12 तक NCERT और अधिकृत पुस्तकें अनिवार्य कीं

भारतपाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ के कोलकाता पर हमले की धमकी वाले बयान पर सोशल मीडिया पर 'धुरंधर' अंदाज़ में आई प्रतिक्रिया

भारतबिहार में CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग को लेकर महिलाओं ने शुरू किया सत्याग्रह