नीतीश कुमार अब पीएम मोदी की तरह करेंगे हाई-सिक्योरिटी गाड़ियों की सवारी, सरकार जल्द ही खरीदेगी बुलेटप्रूफ रेंज रोवर गाड़ी
By एस पी सिन्हा | Updated: February 4, 2026 15:50 IST2026-02-04T15:50:07+5:302026-02-04T15:50:13+5:30
बिहार सरकार जल्द ही बुलेटप्रूफ रेंज रोवर गाड़ी खरीदने जा रही है। यह पहली बार होगा जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुलेटप्रूफ रेंज रोवर जैसी लग्जरी एसयूवी का इस्तेमाल करते दिखेंगे।

नीतीश कुमार अब पीएम मोदी की तरह करेंगे हाई-सिक्योरिटी गाड़ियों की सवारी, सरकार जल्द ही खरीदेगी बुलेटप्रूफ रेंज रोवर गाड़ी
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब पीएम मोदी की तरह हाई-सिक्योरिटी गाड़ियों की सवारी करेंगे। नई बुलेटप्रूफ रेंज रोवर गाड़ियों से अब ना ही एके-47 के हमले का डर होगा और ना ही बम धमाके का उनके काफिले पर असर होगा। बिहार सरकार जल्द ही बुलेटप्रूफ रेंज रोवर गाड़ी खरीदने जा रही है। यह पहली बार होगा जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुलेटप्रूफ रेंज रोवर जैसी लग्जरी एसयूवी का इस्तेमाल करते दिखेंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब तक सरकारी दौरों और कार्यक्रमों में अक्सर इलेक्ट्रिक और इंडियन गाड़ियों का ही इस्तेमाल करते दिखे हैं। यह फैसला मुख्यमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। हालांकि अभी इन गाड़ियों के मॉडल, उसकी कीमत और तकनीकी विवरण सार्वजनिक नहीं किए गए हैं, लेकिन माना जा रहा है कि बुलेटप्रूफ होने के कारण इनकी लागत काफी अधिक होगी।
सूत्रों के अनुसार, इन गाड़ियों के बावजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रोजमर्रा के सामान्य कार्यक्रमों में ईवी और भारतीय गाड़ियों का उपयोग जारी रख सकते हैं। रेंज रोवर गाड़ियों का इस्तेमाल मुख्य रूप से हाई-सिक्योरिटी मूवमेंट, बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों या विशेष परिस्थितियों में ही किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इन लग्जरी और हाई-एंड एसयूवी गाड़ियों की कीमत काफी अधिक है। बताया जा रहा है कि एक गाड़ी की लागत ₹2.5 करोड़ से अधिक होगी।
प्रशासन का तर्क है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए अत्याधुनिक तकनीक से लैस इन गाड़ियों की खरीद अनिवार्य हो गई थी। तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों की पुष्टि के बाद इन्हें जल्द ही बेड़े का हिस्सा बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अभी तक अपनी सादगीपूर्ण जीवन शैली के लिए जाने जाते रहे हैं।
वर्तमान में वे पटना के भीतर हुंडई की 'आयोनिक 5' (इलेक्ट्रिक वाहन) का उपयोग करते हैं, जिसकी कीमत लगभग ₹50 लाख है और वह बुलेटप्रूफ नहीं है। वहीं, पटना से बाहर के दौरों के लिए वह टाटा सफारी का इस्तेमाल करते हैं। यह पहली बार होगा जब मुख्यमंत्री भारतीय कंपनियों और इलेक्ट्रिक वाहनों को छोड़ रेंज रोवर जैसी विदेशी और बेहद महंगी गाड़ी में सफर करेंगे।