'मैं किसी दबाव में नहीं बल्कि अपनी इच्छा से राज्यसभा जा रहा हूं': नीतीश कुमार ने पार्टी बैठक में जदयू नेताओं को किया आश्वस्त
By एस पी सिन्हा | Updated: March 6, 2026 19:38 IST2026-03-06T19:34:30+5:302026-03-06T19:38:20+5:30
बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि मैं किसी दबाव में नहीं बल्कि अपनी इच्छा से राज्यसभा जा रहा हूं।

'मैं किसी दबाव में नहीं बल्कि अपनी इच्छा से राज्यसभा जा रहा हूं': नीतीश कुमार ने पार्टी बैठक में जदयू नेताओं को किया आश्वस्त
पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के निर्णय को लेकर जदयू के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच जारी जारी नाराजगी को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास में पार्टी के विधायकों, सांसदों और विधान पार्षदों की शुक्रवार को अहम बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि मैं किसी दबाव में नहीं बल्कि अपनी इच्छा से राज्यसभा जा रहा हूं। आप लोगों को कोई दिक्कत नहीं होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम बिहार भी रहेंगे सब काम होते रहेगा, कोई चिंता मत कीजिए।
नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के विकास के लिए खूब काम कीजिए। खूब अच्छा होगा बिहार का विकास हम कितना किए है और होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी और बिहार पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे दिल्ली के साथ साथ बिहार में भी रहेंगे और सभी चीजों को देखते रहेंगे। वहीं, बैठक के दौरान जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने निशांत कुमार के राजनीति में आने का प्रस्ताव रखा।
उन्होंने नेताओं से पूछा कि क्या सभी लोग इस प्रस्ताव से सहमत हैं? इस पर बैठक में मौजूद सभी नेताओं ने हाथ उठाकर सर्वसम्मति से समर्थन जताया। बताया जा रहा है कि खुद निशांत कुमार ने भी पार्टी के लिए काम करने को लेकर सहमति दे दी है। निशांत कुमार शनिवार को जदयू की अधिकारिक तौर पर सदस्यता ग्रहण करेंगे। दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले को लेकर बिहार में सियासी तूफान खड़ा हो गया है। जदयू के कार्यकर्ता और नेता नीतीश कुमार के इस फैसले से नाराज हैं और इसके पीछे बड़ी साजिश की आशंका जता रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री आवास में हुई बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देखते ही कई विधायक और नेता भावुक हो गए। जैसे ही नीतीश कुमार बैठक कक्ष में पहुंचे, वहां मौजूद सभी नेताओं ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर सभी नेताओं का अभिवादन किया। बताया जा रहा है कि माहौल काफी भावुक हो गया और कई नेता अपनी भावनाएं छिपा नहीं सके। बैठक के दौरान जदयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री विजय चौधरी नेताओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने नीतीश कुमार के राजनीतिक सफर और बिहार के विकास में उनके योगदान का जिक्र कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि किस तरह नीतीश कुमार ने बिहार को नई दिशा देने का काम किया और राज्य को विकास की राह पर आगे बढ़ाया। यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा के बीच पार्टी के अंदर राजनीतिक रणनीति और आगे की भूमिका को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में मौजूद अधिकांश नेताओं ने नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना की। इस बैठक में बिहार की आगामी राजनीतिक स्थिति और पार्टी की रणनीति पर भी चर्चा की गई।