कोविड-19 लहर के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर के बहाने धोखाधड़ी करने के लिये नौ लोग गिरफ्तार

By भाषा | Updated: November 27, 2021 21:27 IST2021-11-27T21:27:14+5:302021-11-27T21:27:14+5:30

Nine people arrested for cheating on the pretext of oxygen cylinder during Kovid-19 wave | कोविड-19 लहर के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर के बहाने धोखाधड़ी करने के लिये नौ लोग गिरफ्तार

कोविड-19 लहर के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर के बहाने धोखाधड़ी करने के लिये नौ लोग गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 27 नवंबर दिल्ली पुलिस साइबर प्रकोष्ठ ने एक गिरोह के नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिसने कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के दौरान चिकित्सीय ऑक्सीजन सिलेंडर देने के बहाने लगभग 1,000 लोगों को कथित रूप से ठगा था। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार सदस्यों ने करीब 1,000 लोगों से लगभग 1.5 करोड़ रुपये वसूलने की बात स्वीकार की है। गिरोह के अलग-अलग तरह के कई मॉड्यूल थे।

पुलिस ने कहा कि गिरोह के सरगना स्नातकोत्तर तक की पढ़ाई किये हुए हैं, जो कोचिंग कक्षाएं संचालित करते हैं जबकि शेष अन्य लोग गिरोह से जुड़े हुए थे और कमीशन के लिए अपने बैंक खाते तथा सिम कार्ड प्रदान करते थे।

पुलिस के अनुसार, विनोद कुमार नाम के एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि जब उसकी पत्नी कोविड-19 से पीड़ित थी और उसे ऑक्सीजन सहायता की आवश्यकता थी, तो उसने एक मोबाइल नंबर पर संपर्क किया, जिसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रसारित किया गया था।

पुलिस ने कहा कि उसे एक खाते में 25,000 रुपये जमा करने के लिए कहा गया और बदले में ऑक्सीजन सिलेंडर की जल्द डिलीवरी का आश्वासन दिया गया। पुलिस ने कहा कि पैसे जमा करने के बाद, उसे न तो ऑक्सीजन सिलेंडर मिला और न ही पैसे वापस मिले।

पुलिस उपायुक्त (साइबर प्रकोष्ठ) के.पी.एस. मल्होत्रा ​​ने कहा कि मोबाइल फोन नंबरों की तकनीकी जांच और बैंक खातों के विश्लेषण के बाद तीन आरोपियों की पहचान हुई, जिन्हें बिहार के विभिन्न जिलों से गिरफ्तार किया गया । गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी धोखाधड़ी के एक और मामले में भी शामिल थे।

उन्होंने कहा कि इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए तीन लोगों के खुलासे के आधार पर छह और लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो पश्चिम बंगाल और बिहार के निवासी हैं।

पुलिस ने कहा कि आरोपियों की पहचान सरिता देवी (36), पिंकी देवी (37), अमित रौशन (27), नीतीश कुमार (25), शानू नंदी (24), सौमेन मंडल (35), उत्पल घोषाल (35), पवन (26) और कमल कांत (31) के रूप में हुई है। मामले की जांच जारी है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Nine people arrested for cheating on the pretext of oxygen cylinder during Kovid-19 wave

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे