राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से अधिक
By भाषा | Updated: December 4, 2020 21:39 IST2020-12-04T21:39:19+5:302020-12-04T21:39:19+5:30

राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से अधिक
जयपुर, चार दिसंबर राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। सीकर में रात का तापमान सबसे कम 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
विभाग के अनुसार, पिलानी और चूरू में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि राज्य के अन्य स्थानों पर रात का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पश्चिमी हवाओं के कारण वायु के रुख में बदलाव आया है और पिछले दो-तीन दिनों से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि देखी गई है।
उन्होंने बताया कि राज्य के अधिकतर हिस्सों में तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस से लेकर 5.6 डिग्री सेल्सियस के बीच सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। मौसम की यही स्थिति आगामी दो-तीन दिन बने रहने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि रात का तापमान सात दिसंबर के बाद गिरेगा। मरू प्रदेश में आठ दिसंबर तक शीतलहर की कोई चेतावनी नहीं है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।