दक्षिणी अंडमान जिले में दस अप्रैल से रात्रि कर्फ्यू
By भाषा | Updated: April 9, 2021 22:12 IST2021-04-09T22:12:14+5:302021-04-09T22:12:14+5:30

दक्षिणी अंडमान जिले में दस अप्रैल से रात्रि कर्फ्यू
पोर्ट ब्लेयर, नौ अप्रैल दक्षिण अंडमान जिला प्रशासन ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए और वायरस के प्रसार को रोकने के लिए दस अप्रैल से जिले में रात्रि कर्फ्यू लगाने का निर्णय किया है।
दक्षिण अंडमान के जिलाधिकारी सुनील अंचीपाका ने शुक्रवार को जारी आदेश में कहा कि रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
अधिकारी ने बताया कि रात्रि कर्फ्यू दक्षिण अंडमान जिले में दस अप्रैल की मध्य रात्रि से 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा।
उन्होंने कहा कि बहरहाल, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पुलिस, अग्निशमन, बिजली, पानी और साफ-सफाई जैसी आवश्यक सेवाओं एवं आपातकालीन सेवाओं के अधिकारियों को वैध पहचान पत्र दिखाने पर कर्फ्यू से छूट मिलेगी।
केंद्र शासित प्रदेश अंडमान एवं निकोबार प्रायद्वीप में तीन जिले हैं -- दक्षिण अंडमान, उत्तर और मध्य अंडमान तथा निकोबार ।
बहरहाल, अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में शुक्रवार को 18 और लोगों के कोविड-19 से संक्रमित होने के कारण संक्रमितों की कुल संख्या 5149 हो गई है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।