नेपाल पुलिस की गोली से घायल युवक की केजीएमयू में मौत

By भाषा | Updated: April 6, 2021 18:13 IST2021-04-06T18:13:36+5:302021-04-06T18:13:36+5:30

Nepal Police shot dead young man injured in KGMU | नेपाल पुलिस की गोली से घायल युवक की केजीएमयू में मौत

नेपाल पुलिस की गोली से घायल युवक की केजीएमयू में मौत

लखनऊ, छह अप्रैल उत्तर प्रदेश के लखनऊ में स्थित किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में सोमवार को पीलीभीत जिले के निवासी गुरमीत सिंह (30) की मौत हो गई जो नेपाल के सीमावर्ती इलाके में पिछले महीने नेपाल पुलिस द्वारा कथित रूप से की गई गोलीबारी में जख्मी हो गया था।

केजीएमयू के एक अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की कि केजीएमयू के आईसीयू में सोमवार को पीलीभीत के गुरमीत सिंह नामक युवक ने दम तोड़ दिया।

लखनऊ चौक पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को गुरमीत सिंह नामक युवक की केजीएमयू में मौत हो गई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार चार मार्च को नेपाल पुलिस की ओर से चलाई गई गोली लगने से घायल गुरमीत को यहां केजीएमयू में भर्ती कराया गया था।

उन्होंने बताया कि पीलीभीत जिले की सीमा पार करके गये तीन भारतीयों पर नेपाली पुलिस द्वारा कथित रूप से गोलीबारी की गई थी जिनमें से एक युवक गोविंद की उसी दौरान मौत हो गई थी जबकि गुरमीत सिंह समेत दो युवक घायल हो गये थे।

पीलीभीत के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश यादव ने बताया था कि यह घटना नेपाल के कंचनपुर के बेलोरी बाजार में चार मार्च की शाम को हुई थी, जहां जिले के हाजरा थाना क्षेत्र के राघवपुरी टिल्‍ला नंबर चार के निवासी गोविंद सिंह, गुरमीत सिंह और पप्‍पू सिंह एक मेले में गये थे।

पीलीभीत जिले की हाजरा पुलिस ने तब बताया था कि नेपाली अधिकारियों ने आरोप लगाया था कि तीनों भारतीय तस्करी में लिप्त थे और उनके कब्जे से मादक पदार्थ तथा पिस्तौल बरामद हुई थी।

हालांकि पीलीभीत के पुलिस अधीक्षक ने उस समय कहा कि नेपाली अधिकारी इसे तस्करी का मामला करार दे रहे हैं, लेकिन स्‍थानीय लोगों के मुताबिक यह घटना मामूली वाद-विवाद के बाद हुई थी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Nepal Police shot dead young man injured in KGMU

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे