राज्यसभा चुनाव में एनडीए समर्थन?, राजद विधायक फैसल रहमान को भाजपा ने गैर सरकारी विधेयक एवं संकल्प समिति का अध्यक्ष बनाया, कांग्रेस एमएलए मनोहर प्रसाद को इनाम?
By एस पी सिन्हा | Updated: March 31, 2026 16:02 IST2026-03-31T16:01:12+5:302026-03-31T16:02:30+5:30
बाहुबली विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह को पर्यटन उद्योग से संबंधित समिति का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि अनंत कुमार सिंह को पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

file photo
पटनाः बिहार विधानसभा की 19 समितियों का गठन करते हुए विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार की मंजूरी के बाद समितियों के अध्यक्षों और सदस्यों की सूची जारी कर दी गई है। सबसे खास बात यह कि राजद और कांग्रेस के जिन विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में अपरोक्ष तौर पर एनडीए की मदद की थी, उन्हें सम्मानित किया गया है। राजद विधायक फैसल रहमान ने मां की बीमारी का हवाला देकर राज्यसभा चुनाव में वोटिंग से दूर रहे, उन्हें भाजपा कोटे से विधानसभा समिति में जगह दी गई है। बिहार विधानसभा के द्वारा जारी की अधिसूचना के अनुसार ढाका से राजद विधायक फैसल रहमान को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। इन्हें गैर सरकारी विधेयक एवं संकल्प समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। विश्वस्त सूत्रों की माने तो राजद विधायक फैसल रहमान को भाजपा कोटे से कमिटी में अध्यक्ष की कुर्सी दी गई है।
वहीं कांग्रेस विधायक मनोहर प्रसाद भी राज्यसभा चुनाव में वोटिंग से दूर रहे थे। इन्हें भी विधानसभा की समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। मनोहर प्रसाद सिंह को प्रत्यायुक्त विधान समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह और विधायक धूमल सिंह को बड़ी जिम्मेवारी मिली है।
बाहुबली विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह को पर्यटन उद्योग से संबंधित समिति का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि अनंत कुमार सिंह को पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इन सभी समितियों का गठन वित्त वर्ष 2026-27 के लिए किया गया है, जिनका कार्यकाल 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 तक रहेगा।
विधानसभा की नियम समिति के अध्यक्ष स्वयं विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार होंगे। इस समिति में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी को सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा, सामान्य प्रयोजन समिति का गठन भी इन्हीं चार नेताओं के साथ किया गया है, जिसमें स्पीकर अध्यक्ष होंगे।
दोनों उपमुख्यमंत्री और संसदीय कार्य मंत्री सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे बता दें, राजद विधायक फैसल रहमान राज्यसभा चुनाव में वोटिंग करने नहीं पहुंचे थे। इनकी काफी खोजबीन की गई थी, लेकिन नहीं मिले। चुनाव की समाप्ति के बाद फैसल रहमान ने सफाई में कहा था कि रास चुनाव में वोट डालने के लिए सोमवार को पटना गए थे।
लेकिन अचानक मेरी मां की तबीयत खराब हो गई। ऐसे तो दिल्ली में एक महीने से मेरी मां की तबीयत खराब है। अचानक तबीयत ज्यादा खराब हुई तो मैं दिल्ली चला गया था। तेजस्वी यादव से मेरी बात भी हुई थी, लेकिन जब दिल्ली के लिए निकला तो उसके बाद से बात नहीं हो सकी। उसके बाद से हमारी किसी से कोई बात नहीं हुई है।