कई मामलों में वांछित नक्सली गिरफ्तार
By भाषा | Updated: August 14, 2021 19:44 IST2021-08-14T19:44:17+5:302021-08-14T19:44:17+5:30

कई मामलों में वांछित नक्सली गिरफ्तार
गुमला, 14 अगस्त झारखंड के लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिलों में सक्रिय माओवादी कमांडर रविंद्र गंजू के दस्ते के एक सक्रिय सदस्य गुड्डू उरांव उर्फ सुखराम उरांव को पुलिस ने शनिवार को बिशुनपुर थाना क्षेत्र के रेहलदाग बड़का टोली से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारीब ने आज पत्रकारों को बताया कि गिरफ्तार सुखराम के विरुद्ध 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं और पिछले चार-पांच वर्षों में गुमला क्षेत्र में जितनी बड़ी घटनाएं हुई हैं उन सभी कांडों में यह शामिल था। उन्होंने बताया कि इसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस को अनेक महत्वपूर्ण सूचनाएं प्राप्त हुई हैं, जिसका पुलिस को लाभ मिलेगा।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुखराम की गिरफ्तारी उसके ससुराल बिशुनपुर थाना क्षेत्र स्थित रेहल दाग बड़का टोली से की गयी जहां शादी के बाद वह चोरी छिपे पत्नी से मिलने आया करता था। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने अपना जाल बिछाया और उसके आज यहां पहुंचते ही उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार नक्सली के पास से पांच डेटोनेटर और एक मल्टीपरपस चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार नक्सली सुखराम उरांव 2014 में जोनल कमांडर नकुल यादव के दस्ते में शामिल हुआ था।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।