लातेहार के तेतरियाखाड़ कोयला क्षेत्र में नक्सली हमला, कई घायल
By भाषा | Updated: December 19, 2020 01:21 IST2020-12-19T01:21:33+5:302020-12-19T01:21:33+5:30

लातेहार के तेतरियाखाड़ कोयला क्षेत्र में नक्सली हमला, कई घायल
लातेहार, 18 दिसंबर झारखंड के लातेहार जिले में शुक्रवार शाम लगभग सात बजे नक्सलियों ने बालूमाथ थाना क्षेत्र के तेतरियाखाड़ कोयला क्षेत्र में गोलीबारी की जिसमें कम से कम चार लोग घायल हो गए। नक्सलियों ने कोयले से भरे चार ट्रकों को आग के हवाले कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि नक्सलियों की गोलीबारी में चार से पांच लोगों के घायल होने की सूचना मिली हैं।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम लगभग सात बजे अचानक हथियारबंद लोगों ने आगजनी करते हुए अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी जिससे वहां लोगों में अफरा-तफरी मच गयी।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस वहां पहुँची लेकिन नक्सली मौके से फरार हो चुके थे। फरार होने से पूर्व करीब आधे घंटे तक नक्सलियों ने जमकर उत्पात मचाया।
नक्सलियों के इस हमले में चार गाड़ियां जलकर राख हो गयीं जबकि अन्य गाड़ियों को भी नुकसान हुआ हैं।
समाचार दिये जाने तक इस घटना को अंजाम देने वाले नक्सली संगठन के बारे में जानकारी नहीं हो सकी थी।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।