नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह सेंट पीटर्सबर्ग में रूसी नौसना दिवस में होंगे शामिल

By भाषा | Updated: July 23, 2021 22:56 IST2021-07-23T22:56:06+5:302021-07-23T22:56:06+5:30

Navy Chief Admiral Karambir Singh to attend Russian Navy Day in St Petersburg | नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह सेंट पीटर्सबर्ग में रूसी नौसना दिवस में होंगे शामिल

नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह सेंट पीटर्सबर्ग में रूसी नौसना दिवस में होंगे शामिल

नयी दिल्ली, 23 जुलाई नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह रविवार को सेंट पीटर्सबर्ग में 325वें रूसी नौसेना दिवस समारोह में शामिल हो सकते हैं। इस कार्यक्रम के लिए भारत का एक पोत पहले ही इस बंदरगाह शहर पहुंच चुका है। इस घटनाक्रम से परिचित व्यक्ति ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि एडमिरल सिंह रूस की यात्रा के दौरान रूस की सेना के शीर्ष अधिकारियों के साथ वार्ता करेंगे।

भारतीय नौसेना ने बताया कि पांच दिवसीय सद्भावना यात्रा के तौर पर और रूसी नौसेना के 325वें नौसना दिवस के उत्सव में हिस्सा लेने के लिए आईएनएस तबर बृहस्पतिवार को बंदरगाह शहर पहुंच गया था।

इसमें कहा गया कि आईएनएस तबर रूसी नौसेना दिवस परेड के दौरान जहाजों की पंक्ति में शामिल रहेगा, जिसका निरीक्षण रविवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन करेंगे।

भारतीय नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक माधवाल ने बताया कि सिटी परेड में उत्सव के दौरान भारतीय नौसेना का एक बैंड भी हिस्सा लेगा। वहीं सेंट पीटर्सबर्ग में आईएनएस तबर के चालक दल के सदस्य रूसी नौसेना के साथ विभिन्न द्विपक्षीय पेशेवर चर्चाओं में शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि इसके बाद दोनों नौसेना समुद्र में नौसैन्य अभ्यास करेंगे। यह पहले से ही भारतीय नौसेना और रूसी नौसेना के बीच स्थापित अभ्यास ‘इंद्र’ का हिस्सा होगा।

प्रवक्ता ने बताया कि इसका मकसद समुद्री खतरों से निपटने के लिए संयुक्त अभियान को बढ़ावा देना और समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Navy Chief Admiral Karambir Singh to attend Russian Navy Day in St Petersburg

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे