नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता के बेटे को 177 करोड़ रु की बैंक धोखाधड़ी मामले में जमानत मिली

By भाषा | Updated: December 29, 2020 22:05 IST2020-12-29T22:05:24+5:302020-12-29T22:05:24+5:30

National Conference leader's son gets bail in bank fraud case worth Rs 177 crore | नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता के बेटे को 177 करोड़ रु की बैंक धोखाधड़ी मामले में जमानत मिली

नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता के बेटे को 177 करोड़ रु की बैंक धोखाधड़ी मामले में जमानत मिली

जम्मू, 29 दिसंबर जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय ने पूर्व मंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता के बेटे हिलाल राथेर को 177 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी मामले में मंगलवार को जमानत दे दी।

हिलाल पूर्व वित्त मंत्री अब्दुल रहीम राथेर का बेटा है। उसे जे एंड के बैंक द्वारा स्वीकृत कर्ज के करोड़ों रुपये का गबन करने के आरोप में इस साल 17 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था। यह कर्ज हिलाल की जम्मू के नरवाल बाला में महत्वाकांक्षी आवासीय परियोजना ' पैराडाइज एवन्यू ' के लिए 2012 में दिया गया था।

बाद में इस मामले की छानबीन सीबीआई को सौंप दी गई थी।

अदालत के एक अधिकारी ने बताया कि न्यायमूर्ति इकबाल वानी ने हिलाल को पांच लाख रुपये के मुचलके पर जमानत दी है। साथ में निर्देश दिया है कि वह अपना पासपोर्ट जमा कराए और जम्मू कश्मीर छोड़कर नहीं जाए।

सीबीआई ने मार्च में हिलाल के खिलाफ जांच अपने हाथ में ली थी और विशेष अदालत ने उसे अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया था।

इस मामले में सीबीआई आरोप पत्र दायर कर चुकी है।

एजेंसी ने आरोप लगाया कि हिलाल ने 2012 में अपनी आवासीय परियोजना के लिए जे एंड के बैंक से तब कर्ज लिया जब उसके पिता राज्य के वित्त मंत्री थे। बिना किसी ऋणाधार के लिए कर्ज स्वीकृत कर लिया गया था और पैसा बैंक खाते से कहीं और भेज दिया गया था। खाता 2017 में गैर-निष्पादित परिसंपत्ति हो गया था।

छह अगस्त को प्रवर्तन निदेशालय ने हिलाल के खिलाफ बैंक धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन के मामले में कश्मीर, जम्मू, दिल्ली और लुधियाना के 16 स्थानों पर छापे मारे थे।

ईडी ने धनशोधन रोकथाम कानून के तहत हिलाल एवं अन्य के खिलाफ धनशोधन का मामला दर्ज किया था।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: National Conference leader's son gets bail in bank fraud case worth Rs 177 crore

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे