नरेंद्र मोदी जन्मदिनः गांधी मैदान से "चलो जीते हैं" रथ रवाना, 243 विधानसभा क्षेत्र में घूमेंगे भाजपा नेता, 50000 जगहों पर प्रदर्शन
By एस पी सिन्हा | Updated: September 16, 2025 16:04 IST2025-09-16T16:03:18+5:302025-09-16T16:04:09+5:30
Narendra Modi Birthday: भाजपा का यह 'सेवा पखवाड़ा' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर हर साल मनाया जाता है।

file photo
पटनाः बिहार में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत भाजपा ने मंगलवार को पटना के गांधी मैदान से "चलो जीते हैं" नामक रथ को रवाना किया। यह रथ प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेगा। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, मंत्री मंगल पांडेय, मंत्री नितिन नवीन सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी में भाजपा के प्रचार रथों को रवाना किया गया। राज्य के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में ये रथ जाएंगे और मुख्य रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दर्शाई गई फिल्म का सार्वनिक रूप से करीब 50 हजार जगहों पर प्रदर्शन होगा।
भाजपा का यह 'सेवा पखवाड़ा' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर हर साल मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य जनता के बीच जाकर सेवा कार्यों को बढ़ावा देना और सरकार की योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलाना है। 'चलो जीतें' रथ भी इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाएगा। यह रथ यात्रा पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच संवाद स्थापित करने का एक बड़ा माध्यम बनेगी।
इसके जरिए पार्टी राज्य के हर कोने में अपनी उपस्थिति दर्ज कराना चाहती है। यह अभियान आगामी चुनावों के लिए भी एक महत्वपूर्ण तैयारी मानी जा रही है। भाजपा का कहना है कि इन फिल्मों के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बचपन, गरीबी, संघर्ष और जीवन की प्रेरणादायक कहानियों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
पार्टी का मानना है कि इससे जनता को मोदी की सादगी और जुझारूपन से जोड़ने में मदद मिलेगी। इस अभियान के साथ ही पीएम मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर तक राज्य भर में ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न जनकल्याण और सेवा संबंधी गतिविधियां आयोजित होंगी। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह भाजपा का बड़ा जनसंपर्क अभियान माना जा रहा है।