शिवसेना के शाखा प्रमुख से राजनीतिक यात्रा शुरू करके केंद्रीय मंत्री बने नारायण राणे

By भाषा | Updated: July 7, 2021 19:18 IST2021-07-07T19:18:54+5:302021-07-07T19:18:54+5:30

Narayan Rane becomes Union Minister after starting his political journey from Shiv Sena's branch chief | शिवसेना के शाखा प्रमुख से राजनीतिक यात्रा शुरू करके केंद्रीय मंत्री बने नारायण राणे

शिवसेना के शाखा प्रमुख से राजनीतिक यात्रा शुरू करके केंद्रीय मंत्री बने नारायण राणे

मुंबई, सात जुलाई अपने राजनीतिक जीवन का बड़ा हिस्सा शिवसेना के नेता के रूप में बिताने वाले नारायण राणे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ हाथ मिलाने और केंद्रीय मंत्री बनने तक का सफर तय करने से पहले दो राजनीतिक दल छोड़े और कुछ समय के लिए अपनी अलग पार्टी का गठन किया।

राणे (69) ने शिवसेना के शाखा प्रमुख के रूप में अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था और वह 1999 में महाराष्ट्र में शिवसेना-भाजपा की गठबंधन सरकार में मुख्यमंत्री बने। अपनी राय बेबाक होकर रखने के लिए जाने जाने वाले मराठा नेता का तटीय कोंकण क्षेत्र में खासा प्रभाव है। शिवसेना के संस्थापक दिवंगत बाल ठाकरे ने 1999 के विधानसभा चुनावों से पहले मनोहर जोशी को मुख्यमंत्री पद से हटाने का फैसला किया था और राणे को इस पद के लिए चुना था।

राणे ने आरोप लगाया था कि शिवसेना में टिकट और पद बेचे जा रहे हैं, जिसके बाद ठाकरे ने ‘‘पार्टी विरोधी गतिविधियों’’ में शामिल होने के कारण उन्हें जुलाई 2005 में पार्टी से निष्कासित कर दिया था। राणे अगस्त 2005 में कांग्रेस में शामिल हुए और उन्होंने सितंबर 2017 में कांग्रेस छोड़ दी। उन्होंने अपने और अपने समर्थकों के साथ किए गए ‘‘अन्याय’’ को लेकर पार्टी के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा, ‘‘मैंने 12 साल इंतजार किया। जब मैंने पाया कि कांग्रेस में मेरे लिए कोई गुंजाइश नहीं है, तो मैंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला किया।’’

राणे ने तब कहा था कि वह कांग्रेस में इसलिए शामिल हुए थे, क्योंकि उन्हें आश्वासन दिया गया था कि उन्हें छह महीने में मुख्यमंत्री बना दिया जाएगा। राणे ने कांग्रेस छोड़ने के बाद अक्टूबर 2017 में ‘महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष’ की स्थापना की। उन्होंने 2018 में भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की और वह उस पार्टी के नामांकन पर राज्यसभा के लिए चुने गए। उन्होंने अक्टूबर 2019 में अपनी पार्टी का भाजपा में विलय कर दिया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Narayan Rane becomes Union Minister after starting his political journey from Shiv Sena's branch chief

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे