नकवी ने रामपुर में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया
By भाषा | Updated: October 20, 2021 18:43 IST2021-10-20T18:43:56+5:302021-10-20T18:43:56+5:30

नकवी ने रामपुर में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया
नयी दिल्ली, 20 अक्टूबर केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने बुधवार को उत्तराखंड से सटे उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के उन इलाकों का दौरा किया जो बाढ़ की चपेट में हैं।
नकवी ने ट्वीट किया, ‘‘उत्तराखंड से सटे हुए रामपुर में बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित क्षेत्रों का आज दौरा किया। बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की और विभिन्न राहत शिविरों में रह रहे लोगों से मुलाकात की।’’
उन्होंने यह भी कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की सरकार बाढ़ प्रभावितों को राहत पहुंचाने, उनकी मदद करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं।’’
सूत्रों ने बताया, ‘‘ बाढ़ के बारे में खबर मिलते ही नकवी दिल्ली से रामपुर पहुंचे। नकवी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की सही-सही जानकारी लेने के लिए हवाई सर्वेक्षण ना कर के जमीनी सर्वेक्षण किया।’’
नकवी ने कहा कि प्रशासन लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गांवों, खेतों आदि में राहत पहुंचाने के लिए पूरी मुस्तैदी, मजबूती से काम कर रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को चौबीसों घंटे मदद पहुंचाई जाये और राहत कार्यों में कोई कोताही ना बरती जाये।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।