गंगटोक, 21 अक्टूबर उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू की सिक्किम यात्रा खराब मौसम के मद्देनजर टाल दी गई। राज्य गृह विभाग ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार नायडू सिक्किम और पड़ोसी राज्य पश्चिमी बंगाल के दार्जिलिंग के तीन दिवसीय दौरे पर आने वाले थे और यह यात्रा शुक्रवार से शुरू होनी थी।
नायडू शुक्रवार को दक्षिणी सिक्किम में नामची में प्रसिद्ध फुटबॉल खिलाड़ी बाइचुंग भूटिया के नाम पर बने एक स्टेडियम का उद्घाटन करनेवाले थे। यह जिला भूटिया का पैतृक जिला भी है।
नायडू पहले 20 अक्टूबर को सिक्किम पहुंचनेवाले थे लेकिन खराब मौसम की वजह से तारीख आगे बढ़ाकर 22 अक्टूबर कर दी गई। लेकिन राज्य में अब भी मौसम की विपरीत परिस्थिति बनी हुई है, जिसकी वजह से एक बार फिर यह यात्रा टाल दी गई।
राज्य के गृह विभाग ने बताया कि वि उप राष्ट्रपति के कार्यालय से इस मामले पर संचार की प्रतीक्षा कर रहा है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।