मुंबई : आरे कॉलोनी में तेंदुए के हमले में किशोर घायल
By भाषा | Updated: October 9, 2021 15:46 IST2021-10-09T15:46:28+5:302021-10-09T15:46:28+5:30

मुंबई : आरे कॉलोनी में तेंदुए के हमले में किशोर घायल
मुंबई, नौ अक्टूबर मुंबई के उपनगरीय गोरेगांव की आरे कॉलोनी में तेंदुए के हमले में एक किशोर घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में एक महीने के भीतर यह आठवीं बार है जब तेंदुए ने हमला किया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमले की नई घटना शुक्रवार रात लगभग नौ बजे आरे कॉलोनी के यूनिट नंबर 13 में उस समय हुई, जब दर्शन द्रविड़ (14) नामक किशोर अपने दोस्तों के साथ इलाके में घूम रहा था।’’
पुलिस अधिकारी के मुताबिक तेंदुए द्वारा हमला किए जाने के बाद दर्शन मदद के लिए चिल्लाया और उसके दोस्त उसे बचाने के लिए दौड़े। उन्होंने बताया कि इसके बाद तेंदुए ने उसे छोड़ दिया और जंगल में भाग गया। दर्शन को गर्दन, मुंह और सिर में चोट आई है।
उनके अनुसार दर्शन को तुरंत एक स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए जोगेश्वरी ट्रॉमा केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।