पानी-पानी हुआ मुंबई, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट, सभी स्कूल और कॉलेज बंद, उफान पर विहार और तानसा झीलें
By अनिल शर्मा | Updated: July 27, 2023 10:31 IST2023-07-27T10:25:21+5:302023-07-27T10:31:18+5:30
उधर बारिश को लेकर बीएमसी ने कहा है कि 26 जुलाई रात 8 बजे से 27 जुलाई सुबह 8 बजे तक 12 घंटों में मुंबई शहर में भारी बारिश दर्ज की गई।

PHOTO: ANI
मुंबईः शहर में बीते कई दिनों से लगातार हो रही बारिश हो रही है जिसकी वजह से तानसा और विहार झीलें बुधवार को पूरी तरह से भरने के बाद उफान पर आ गईं। गुरुवार मौसम विभाग ने मुंबई के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है। सभी स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। वहीं उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से गुरुवार राज्य में भारी बारिश, बाढ़, सूखे की स्थिति पर समीक्षा बैठक की।
उधर बारिश को लेकर बीएमसी ने कहा है कि 26 जुलाई रात 8 बजे से 27 जुलाई सुबह 8 बजे तक 12 घंटों में मुंबई शहर में भारी बारिश दर्ज की गई। रात भर हुई भारी बारिश के बाद नागपुर शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया है। नरेंद्र नगर रेलवे अंडर ब्रिज (आरयूबी) और हवाईअड्डा प्रवेश मार्ग जलभराव के कारण बंद हैं।
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने बताया कि तानसा और विहार झीलें मुंबई में पीने योग्य पानी का प्रमुख जलस्त्रोत हैं। बीएमसी के मुताबिक मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाले सात जलाशयों में से विहार, तानसा और तुलसी झीलें उफान पर हैं। नगर निकाय का कहना है कि मुंबई के संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में स्थित विहार झील रात 12 बजकर 48 मिनट पर पूरी तरह से भर गई, जबकि ठाणे जिले में स्थित तानसा झील बुधवार को सुबह चार बजकर 35 मिनट पर उफान पर आ गई।
🚰 मुंबईला पाणीपुरवठा करणाऱ्या ७ जलाशयांचा आज सकाळी ६ वाजेपर्यंतचा अहवाल
— माझी Mumbai, आपली BMC (@mybmc) July 27, 2023
🚰 Report of water stock in the seven lakes, supplying water to Mumbai, till 6am today.#MumbaiRains#MyBMCUpdatespic.twitter.com/FCVithoT3i
बीएमसी ने ट्वीट किया, "मुंबईवासियों को पानी की आपूर्ति करने वाली सात झीलों में शामिल तानसा झील आज सुबह चार बजकर 35 मिनट पर पूरी तरह से भर गई और अब उफान पर है।" शहर और उपनगरों में भारी बारिश के बाद 20 जुलाई को तुलसी झील पूरी तरह से भर गई थी।
मुंबई को सात जलाशयों - भाटसा, ऊपरी वैतरणा, मध्य वैतरणा, तानसा, मोदक सागर, विहार और तुलसी से 3,800 एमएलडी (प्रति दिन लाखों लीटर) पानी मिलता है। ये जलाशय मुंबई, ठाणे और नासिक जिलों में स्थित हैं। बीएमसी अधिकारियों ने बताया कि मुंबई की पोवई झील इस माह के शुरू में उफान पर थी लेकिन इस झील का पानी पीने के लिए उपयोग नहीं किया जाता।
भाषा इनपुट के साथ